बिजनेस

Railway Group Booking: बारात और तीर्थयात्रा के लिए ट्रेन में टिकट बुक करना आसान, बर्थ की सीमा खत्म

रेलवे ने ग्रुप बुकिंग के नियमों बड़ा बदलाव किया है। अब बारात और तीर्थयात्रा जैसे कामों के लिए ग्रुप बुकिंग करने पर बर्थ लिमिट खत्म कर दी गई है।

Image

रेलवे ने बदले नियम

Indian Railways Bulk Ticket Booking Rules: शादी-ब्याह में बारात ले जानी हो, परिवार के साथ तीर्थयात्रा करनी हो या फिर बच्चों के स्कूल-कॉलेज का एजुकेशनल टूर हो, एक साथ बड़ी संख्या में ट्रेन टिकट बुक कराने की परेशानी अब कुछ कम हो सकती है।

रेलवे ने ग्रुप और बल्क टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत अब ग्रुप रिजर्वेशन में बुक की जाने वाली बर्थ की संख्या पर कोई तय सीमा नहीं होगी। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक इस बदलाव का फायदा फिलहाल साउथ वेस्टर्न रेलवे (SWR) जोन के यात्रियों को मिलेगा।

South Western Railway ने बल्क और ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। Commercial Circular (Coaching) No. 37/2026 और Rate Advice No. 11 of 2026 के तहत जारी इन निर्देशों ने पहले के सभी संबंधित दिशानिर्देशों की जगह ले ली है।

कितनी भी बर्थ के लिए कर सकेंगे आवेदन?

नई व्यवस्था में सबसे बड़ा बदलाव बर्थ की संख्या को लेकर किया गया है। अब चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर (CRS) और स्टेशन मैनेजर (SM) को ग्रुप बुकिंग की अनुमति देने का अधिकार दिया गया है। इसके लिए बर्थ की कोई निश्चित अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की गई है। इस सुविधा का इस्तेमाल शादी की पार्टियों, छात्रों के समूह, तीर्थयात्रियों, स्पोर्ट्स टीम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले समूह कर सकेंगे। यह सुविधा सभी क्लास में उपलब्ध होगी। टिकट कन्फर्म हो, RAC में हो या वेटिंग लिस्ट में, ग्रुप रिजर्वेशन के लिए आवेदन किया जा सकेगा।

सुबह 9 बजे से करा सकेंगे ग्रुप बुकिंग

ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए सुबह 9 बजे से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। यह सामान्य यात्रियों के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के तहत टिकट बुकिंग शुरू होने के एक घंटे बाद का समय है। हालांकि, सुबह 9 बजे का समय पूरे भारतीय रेलवे में पहले से लागू है।

रेलवे ग्रुप टिकट बुकिंग के लिए कैसे करें आवेदन?

ग्रुप रिजर्वेशन के लिए यात्रियों को सीधे संबंधित रेलवे अधिकारी के पास आवेदन करना होगा। ट्रैवल एजेंट के माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हालांकि, विदेशी पर्यटकों और NRI के लिए मौजूदा नियमों के तहत छूट जारी रहेगी। आवेदन में यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट रूप से बताना होगा। इसके साथ ग्रुप में शामिल सभी यात्रियों का नाम, उम्र, जेंडर, पता और यात्रा का उद्देश्य देना अनिवार्य होगा। इन जानकारियों के बिना रेलवे बुकिंग की अनुमति नहीं देगा।

वापसी के टिकट के लिए भी मिलेगी सुविधा

रेलवे की नई गाइडलाइन के मुताबिक, वापसी की यात्रा के लिए भी उसी रिजर्वेशन ऑफिस में ग्रुप बुकिंग की अनुमति मिल सकती है, जहां से आगे की यात्रा के टिकट बुक कराए गए हैं। हालांकि, वापसी की यात्रा को अलग बुकिंग माना जाएगा और उसके लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं दोबारा पूरी करनी होंगी। रेलवे ने इस सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी व्यवस्था की है। CRS और Station Manager को सभी स्वीकृत ग्रुप बुकिंग का अलग रजिस्टर रखना होगा। उन्हें आवेदन फॉर्म और यात्रियों की सूची के प्रत्येक पेज पर अपनी मुहर और हस्ताक्षर भी करने होंगे।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article