यूरोपीय संघ (EU) की सबसे बड़ी संस्था यूरोपियन कमीशन पर साइबर हमला हुआ है। इस हमले में बड़ी संख्या में लोगों का निजी डेटा लीक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि हैकर्स कितनी जानकारी चुराने में कामयाब हुए हैं। Politico की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने यूरोपियन कमीशन के IT सिस्टम को निशाना बनाया। इस हमले की वजह से कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हुईं। इनमें कर्मचारियों का HR पोर्टल, मेडिकल खर्च का पैसा वापस पाने वाला सिस्टम और दूसरे इंटरनल सिस्टम शामिल हैं।
बता दें कि दुनियाभर में हाल के दिनों में कई बड़े साइबर हमले और ऑनलाइन सेवाओं में रुकावट की खबरें सामने आई हैं। इनमें Microsoft, अमेरिका के बड़े बैंक, US नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) और Air France, BBC और Zoom जैसी लोकप्रिय सेवाओं के नाम भी शामिल हैं।
करीब 10 दिनों तक बंद रहे कई सिस्टम
रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर हमले की वजह से करीब 10 दिनों तक कई सिस्टम बंद रहे। यूरोपियन कमीशन का कहना है कि उसने हमले को काफी हद तक काबू में कर लिया है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि कितना डेटा चोरी हुआ है।
कमीशन ने Politico को बताया, "साइबर हमले का पता चलने के बाद हमने जरूरी कदम उठाए हैं। कुछ खास सिस्टम को निशाना बनाया गया था और हमारी तय प्रक्रिया के मुताबिक, इससे प्रभावित लोगों को जानकारी दे दी गई है।"
इमरजेंसी मीटिंग बुलाकर की गई चर्चा
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यूरोपियन कमीशन ने अपनी सबसे बड़ी इमरजेंसी मैनेजमेंट टीम की बैठक बुलाई। वहीं, यूरोपीय संघ की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-EU ने इसी महीने की शुरुआत में इस हमले का पता लगाया था।
AI टूल ARTEX से सिस्टम में ढूंढी गईं कमजोरियां
रिपोर्ट में बताया गया है कि हैकर्स ने ARTEX नाम के AI टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल की मदद से IT सिस्टम में मौजूद कमजोरियों का पता लगाया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ लोग और ग्रुप ऐसे टूल्स का गलत इस्तेमाल करके कमीशन के सिस्टम को निशाना बनाते हैं।
सुरक्षा के लिए कई ऐप और सेवाएं की गईं बंद
हमले के बाद सुरक्षा के लिहाज से कमीशन ने कई ऐप और ऑनलाइन सेवाएं कुछ समय के लिए बंद कर दी थीं। ऐसा इसलिए किया गया ताकि हैकर्स आगे नुकसान न पहुंचा सकें। हालांकि, अब इन सेवाओं को दोबारा शुरू कर दिया गया है।
कर्मचारियों का निजी डेटा लीक होने की आशंका
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि कहीं कर्मचारियों की निजी जानकारी तो चोरी नहीं हुई। लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा कि इस हमले में कितना डेटा प्रभावित हुआ है।
