ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा के साथ मिलकर एक खास जागरूकता सीरीज शुरू की है। इसे माइक्रोड्रामा सीरीज नाम दिया गया है। इसका प्रसारण इंस्टाग्राम पर किया जाएगा। जल्द ही इसे वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी देखा जा सकेगा। इस सीरीज के जरिए लोगों को ऑनलाइन ठगी के तरीकों और उनसे बचने के उपायों के बारे में बताया जाएगा।
इस माइक्रोड्रामा सीरीज में ऑनलाइन धोखाधड़ी के कई आम तरीकों को दिखाया जाएगा। इनमें फर्जी नौकरी के ऑफर, निवेश के नाम पर ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराध शामिल हैं। सीरीज के जरिए लोगों को समझाया जाएगा कि ऐसी संदिग्ध गतिविधियों को पहचानना और उनकी शिकायत करना कितना जरूरी है।
ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल
सरकार और मेटा ने लोगों से अपील की है कि अगर वे किसी ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। समय पर शिकायत करने से ठगी से जुड़े मामले में जरूरी कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है।
कई सरकारी विभाग मिलकर चला रहे अभियान
मेटा के बयान के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, प्रसार भारती, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने मिलकर इस सीरीज की शुरुआत की है। यह देश में सरकार के नेतृत्व में शुरू की गई पहली जनहित माइक्रोड्रामा सीरीज है।
यह पहल मेटा के 'स्कैम से बचो' अभियान के तहत शुरू की गई है। इस अभियान का मकसद लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए जागरूकता से जुड़ी फिल्में, कंटेंट क्रिएटर्स के वीडियो और शैक्षणिक कार्यक्रमों की मदद ली जा रही है।
निवेशकों को जागरूक करना जरूरी: सेबी
सेबी के कार्यकारी निदेशक संजय सी. पुराओ ने कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले लोग लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में निवेशकों को जागरूक करना और उन्हें सही समय पर जरूरी जानकारी देना बहुत जरूरी है। इससे लोगों को ठगी से बचाने और उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।
(इनपुट-भाषा)
