Apple के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर iPhone 18 Pro सीरीज की लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन नई रिपोर्ट्स और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के अनुमान के मुताबिक सितंबर 2026 में Apple अपनी अगली iPhone 18 सीरीज से पर्दा उठा सकती है। इस बार iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone भी लॉन्च होने की उम्मीद है।
9 सितंबर को हो सकता है Apple का बड़ा लॉन्च इवेंट
रिपोर्ट्स के अनुसार Apple का वार्षिक Fall Event इस बार 9 सितंबर 2026 को आयोजित किया जा सकता है। Bloomberg के मार्क गुरमन ने पहले 8 या 9 सितंबर की संभावना जताई थी, लेकिन कई विश्लेषकों का मानना है कि Apple इस बार 9 सितंबर को ही इवेंट आयोजित कर सकता है। Apple पिछले कई वर्षों से सितंबर के पहले पखवाड़े में नए iPhone लॉन्च करता आया है और Labor Day के अगले दिन इवेंट रखने से बचता रहा है। इसी पैटर्न को देखते हुए 9 सितंबर सबसे संभावित तारीख मानी जा रही है।
Apple Park के Steve Jobs Theater में होगा इवेंट
लॉन्च इवेंट Apple Park स्थित Steve Jobs Theater में आयोजित होने की उम्मीद है। पिछले कुछ वर्षों की तरह इस बार भी कंपनी पहले से रिकॉर्ड किया गया हाई-प्रोडक्शन वीडियो प्रस्तुत कर सकती है। इवेंट के बाद मीडिया और चुनिंदा मेहमानों को नए डिवाइस का हैंड्स-ऑन एक्सपीरियंस भी दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone भी सबसे बड़ा आकर्षण बन सकता है।
लॉन्च डेट की घोषणा कब होगी?
Apple आमतौर पर अपने लॉन्च इवेंट की तारीख करीब दो सप्ताह पहले घोषित करता है। इसी ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि कंपनी 26 अगस्त 2026 के आसपास आधिकारिक निमंत्रण जारी कर सकती है, जिसमें सितंबर के लॉन्च इवेंट की पुष्टि होगी।
iPhone 18 Pro की प्री-ऑर्डर डेट
अगर Apple अपने पुराने लॉन्च शेड्यूल को बरकरार रखता है, तो iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के लिए 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) से प्री-ऑर्डर शुरू हो सकते हैं। उसी दौरान Apple Watch Series 12 और Apple Watch Ultra 4 की बुकिंग भी शुरू होने की संभावना है।
बिक्री कब से शुरू होगी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की पहली सेल 18 सितंबर 2026 से शुरू हो सकती है। वहीं, अगर Apple अपना पहला फोल्डेबल iPhone भी लॉन्च करता है तो उसकी बिक्री या तो इसी दिन शुरू होगी या फिर कुछ समय बाद बाजार में उतारा जाएगा।
iPhone 18 Pro की कीमत बढ़ सकती है
इस साल iPhone 18 सीरीज की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। Bloomberg के मार्क गुरमन का कहना है कि Apple इस बार कीमत बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है। रिपोर्ट के अनुसार मेमोरी चिप्स की कमी, नए प्रोसेसर की बढ़ी लागत और iPhone 18 Pro सीरीज में मिलने वाले एडवांस कैमरा सिस्टम की वजह से कंपनी कीमतों में इजाफा कर सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक Apple का पहला फोल्डेबल iPhone प्रीमियम सेगमेंट में उतारा जाएगा। इसकी शुरुआती कीमत 2,000 डॉलर या उससे अधिक हो सकती है। कंपनी इसे Samsung के फोल्डेबल स्मार्टफोन्स से भी अधिक प्रीमियम विकल्प के रूप में पेश कर सकती है।
हाल ही में Apple ने Mac, iPad और Apple TV की कीमतों में भी बढ़ोतरी की थी। अनुमान है कि iPhone 18 Pro सीरीज की कीमत में 100 से 200 डॉलर तक का इजाफा हो सकता है। ऐसे में iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,199 डॉलर या 1,299 डॉलर तक पहुंच सकती है।
