टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों के लिए सिर्फ 15 रुपये में अनलिमिटेड 5G डेटा पैक लॉन्च किया है। इस पैक की वैलिडिटी 24 घंटे यानी एक दिन की होगी। कंपनी के मुताबिक, इसमें ग्राहकों को पूरे 24 घंटे अनलिमिटेड हाई-स्पीड 5G डेटा की सुविधा मिलेगी। यह पैक उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जिन्हें कम समय के लिए ज्यादा डेटा की जरूरत पड़ती है।
15 रुपये के पैक में क्या-क्या मिलेगा?
जियो के इस नए डेटा पैक की कीमत 15 रुपये रखी गई है। इसकी वैलिडिटी एक दिन यानी 24 घंटे होगी। कंपनी ने इसे पूरे देश में उपलब्ध कराया है। यानी सभी टेलीकॉम सर्किल के ग्राहक इस पैक का फायदा उठा सकेंगे।
इस पैक के तहत यूजर्स बिना डेटा लिमिट की चिंता किए ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग, बड़ी फाइल डाउनलोड करने और क्लाउड बैकअप जैसे काम कर सकेंगे। इसके अलावा, 5G स्मार्टफोन को हॉटस्पॉट बनाकर लैपटॉप और टैबलेट पर भी इंटरनेट इस्तेमाल किया जा सकेगा।
वीडियो स्ट्रीमिंग से लेकर गेमिंग तक में फायदा
कंपनी के मुताबिक, इस पैक के जरिए यूजर्स हाई-क्वालिटी और 4K वीडियो स्ट्रीमिंग कर सकेंगे। ऑनलाइन गेम खेलने वाले ग्राहकों को भी इसका फायदा मिल सकता है। इसके अलावा, बड़ी फाइलें, गेम और सॉफ्टवेयर अपडेट डाउनलोड करने के लिए भी यह पैक उपयोगी होगा।
वर्क फ्रॉम होम करने वाले यूजर्स लैपटॉप और दूसरे डिवाइस पर इंटरनेट चलाने के लिए मोबाइल हॉटस्पॉट का इस्तेमाल कर सकते हैं। बड़ी वीडियो फाइलों और डिवाइस बैकअप को क्लाउड पर अपलोड करने के लिए भी इस पैक का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कहां से करा सकते हैं रिचार्ज?
जियो का 15 रुपये वाला अनलिमिटेड 5G डेटा पैक अब देशभर में उपलब्ध है। ग्राहक MyJio ऐप, Jio.com, रिलायंस रिटेल स्टोर और दूसरे रिटेल आउटलेट्स से रिचार्ज करा सकते हैं। इसके अलावा, थर्ड पार्टी रिचार्ज प्लेटफॉर्म और कंपनी के एंटरप्राइज पोर्टल के जरिए भी इसे एक्टिवेट किया जा सकता है।
