TRAI Network Experience Platform: मोबाइल पर इंटरनेट की धीमी स्पीड या कॉल के दौरान आवाज कटने की समस्या आम है। वहीं, कई बार लोगों को यह समझ नहीं आता कि उनके इलाके में नेटवर्क की परेशानी क्यों आ रही है। ट्राई का नया प्लेटफॉर्म अब ग्राहकों की इस परेशानी को दूर करने का काम करेगा।
ट्राई ने लॉन्च किया एक नया प्लेटफॉर्म
दरअसल, भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया है। इसका नाम ‘नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म’ रखा गया है। इस प्लेटफॉर्म की मदद से उपभोक्ता अपने इलाके में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की क्वालिटी से जुड़ी जानकारी आसानी से देख सकेंगे। यानि लोकेशन के हिसाब से Jio, Airtel, Vi के नेटवर्क की परफॉर्मेंस देखी जा सकेगी।
न्यूज एजेंसी भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, TRAI का यह नया प्लेटफॉर्म एक भौगोलिक सूचना आधारित डैशबोर्ड है। इसमें अलग-अलग जगहों पर किए गए इंटरनेट स्पीड और कॉल क्वालिटी टेस्ट के नतीजे एक ही जगह उपलब्ध होंगे। इसमें उपभोक्ताओं द्वारा किए गए परीक्षणों के साथ ट्राई स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के आंकड़े भी शामिल किए गए हैं। यानी अब लोगों को अपने नेटवर्क की स्थिति समझने के लिए अलग-अलग जगहों पर जानकारी तलाशने की जरूरत नहीं होगी।
इंटरएक्टिव मैप पर मिलेगी नेटवर्क की जानकारी
इस प्लेटफॉर्म की सबसे खास बात इसका इंटरएक्टिव मैप है। उपभोक्ता नक्शे पर अपने इलाके को चुनकर वहां के नेटवर्क की स्थिति देख सकते हैं। इसमें डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे जरूरी आंकड़े भी मिलेंगे। इसके अलावा, यूजर्स मोबाइल नेटवर्क या फिक्स्ड ब्रॉडबैंड, टेलीकॉम कंपनी और नेटवर्क टेक्नोलॉजी के आधार पर जानकारी को फिल्टर कर सकेंगे।
नक्शे को जूम कर यह भी देखा जा सकता है कि किस जगह पर नेटवर्क टेस्ट किया गया था। जानकारी को आसानी से समझने के लिए इसमें अलग-अलग फिल्टर, संकेतक और टेबल दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर यूजर्स रिपोर्ट डाउनलोड भी कर सकते हैं।
MySpeed और MyCall ऐप से लिया गया डेटा
TRAI के इस प्लेटफॉर्म पर उपभोक्ताओं के नेटवर्क टेस्ट से जुड़ा डेटा MySpeed और MyCall ऐप से लिया गया है। इन ऐप के जरिए यूजर्स इंटरनेट स्पीड और कॉल की क्वालिटी की जांच करते हैं। इन आंकड़ों को नियामक के अपने परीक्षणों के साथ मिलाकर दिखाया गया है।
टेलीकॉम कंपनियों को भी होगा फायदा
इस प्लेटफॉर्म का फायदा सिर्फ उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा। टेलीकॉम कंपनियां भी सुरक्षित इंटरफेस के जरिए नेटवर्क से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगी। इसमें कॉल क्वालिटी, नेटवर्क कवरेज और इंटरनेट स्पीड के आंकड़ों के साथ स्थान, तारीख और समय की जानकारी भी होगी।
TRAI के मुताबिक, कंपनियां इस डेटा की मदद से उन इलाकों की पहचान कर सकेंगी जहां नेटवर्क की समस्या ज्यादा है। इससे उन्हें अपनी सेवाओं और नेटवर्क में सुधार करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, इस प्लेटफॉर्म पर डू नॉट डिस्टर्ब (DND) सर्विस के लिए वेब इंटरफेस भी उपलब्ध कराया गया है। इससे उपभोक्ताओं को टेलीकॉम सेवाओं से जुड़ी जरूरी सुविधाएं एक ही डिजिटल मंच पर मिल सकेंगी।
