Bharat GPT Hanooman: मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज भारतजीपीटी (Bharat GPT) भारत के लिए एआई मॉडल हनुमान (Hanooman) लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह ChatGPT-स्टाइल AIR मॉडल अगले महीने मार्च में लॉन्च किया जाएगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख मुकेश अंबानी ने एक टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस में खुद इसकी घोषणा की है।
AI चैटबॉट हनुमान की खासियत
एआई मॉडल को रिलायंस ने हनुमान नाम दिया है। एआई मॉडल को 11 स्थानीय भाषाओं में काम करने के लिए तैयार किया गया है। हनुमान, एआई मॉडल, चार क्षेत्रों-शासन, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और वित्तीय सेवाओं पर काम करेगा। इसमें स्पीच-टू-टेक्स्ट कैपेबिलिटी होगी।
क्या-क्या कर सकता है AI चैटबॉट हनुमान?
एआई मॉडल ने अपने कामकाज की एक झलक भी पेश की। इसमें एक बाइक मैकेनिक को तमिल में सवाल पूछते हुए दिखाया गया, जबकि एक बैंकर को एआई बॉट के साथ हिंदी में बात करते दिखाया गया। एक डेवलपर को एआई मॉडल की मदद से कंप्यूटर कोड लिखते हुए भी दिखाया गया।
कब होगा लॉन्च?
पिछले साल, एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रिलायंस जियो इन्फोकॉम के अध्यक्ष आकाश अंबानी ने 2014 में आईआईटी-बॉम्बे के साथ कंपनी के सहयोग पर चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि भारतजीपीटी की शुरुआत Jio 2.0 है। अब मुकेश अंबानी का लक्ष्य अगले महीने (यानी मार्च) अपनी पहली चैटजीपीटी-स्टाइल सर्विस शुरू करने का है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर देश की महत्वाकांक्षाओं में एक बड़ा कदम है।
देश-विदेश में एआई की रेस
लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स और अरबपति विनोद खोसला के फंड जैसे प्रमुख वीसी निवेशकों द्वारा समर्थित सर्वम और कृत्रिम जैसे स्टार्टअप भी भारत के लिए कस्टमाइज ओपन-सोर्स एआई मॉडल का निर्माण कर रहे हैं। इसके अलावा ओपनएआई, गूगल, एप्पल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां भी एआई की रेस में लगे हुए हैं।
