WhatsApp पर Status लगाने का तरीका जल्द ही और आसान होने वाला है। Meta अब यूजर्स को Status में म्यूजिक लगाने के दौरान अपने पसंदीदा गानों को सेव करने का विकल्प दे रहा है। नए फीचर की मदद से आप म्यूजिक कैटलॉग में मौजूद किसी भी पसंदीदा ट्रैक को Star करके बाद में आसानी से खोज सकेंगे। यह फीचर फिलहाल रोलआउट किया जा रहा है और WhatsApp Beta for Android के 2.26.38.1 अपडेट में देखा गया है।
पसंदीदा गाने को ऐसे कर सकेंगे Star
नए फीचर के तहत जब आप WhatsApp Status में म्यूजिक जोड़ने के लिए म्यूजिक कैटलॉग खोलेंगे, तो किसी भी गाने को Star करने का विकल्प मिलेगा। गाने पर Star करने के बाद वह आपकी Starred लिस्ट में सेव हो जाएगा। खास बात यह है कि आप अपनी पसंद के जितने चाहें उतने गाने इस लिस्ट में जोड़ सकते हैं। अगर बाद में किसी गाने को हटाना चाहते हैं तो उसी ट्रैक पर दोबारा टैप करके उसका Star हटा सकते हैं।
अब गाना खोजने में नहीं करना पड़ेगा ज्यादा समय
WhatsApp के नए अपडेट में Starred फिल्टर भी दिया जा रहा है। म्यूजिक स्क्रीन पर इस फिल्टर को चुनते ही आपको केवल वे गाने दिखाई देंगे, जिन्हें आपने पहले पसंदीदा के तौर पर सेव किया है। इससे आपको हर बार पूरे म्यूजिक कैटलॉग में किसी गाने का नाम टाइप करके उसे खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। Starred फिल्टर को Suggested, Mood और Genre जैसे दूसरे फिल्टर की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा।
Status में गाने का हिस्सा और अवधि भी चुन सकेंगे
WhatsApp का नया म्यूजिक फीचर सिर्फ गाने सेव करने तक सीमित नहीं है। इसमें Duration Picker भी दिया जा रहा है, जिसकी मदद से आप तय कर सकेंगे कि Status में गाना कितनी देर तक चले। इसके अलावा Waveform Selector को आगे-पीछे करके आप गाने का वह हिस्सा चुन सकेंगे, जिसे Status में इस्तेमाल करना चाहते हैं। यानी पूरे गाने की जगह अपनी पसंद का खास हिस्सा लगाया जा सकेगा।
Meta बढ़ा रहा है म्यूजिक कैटलॉग
इस बदलाव को Meta के WhatsApp में म्यूजिक एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है। कंपनी अपने म्यूजिक कैटलॉग को बढ़ाने के साथ यूजर्स के लिए पसंदीदा गानों तक दोबारा पहुंचना भी आसान बना रही है। फिलहाल Starred Music फीचर Beta यूजर्स के लिए उपलब्ध है और इसका रोलआउट जारी है। सभी यूजर्स तक यह फीचर कब पहुंचेगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
