टेक एंड गैजेट्स

OpenAI ने लॉन्च किए 3 नए महाशक्तिशाली AI मॉडल्स, लेकिन आम जनता के लिए क्यों लगा 'नो एंट्री' का बोर्ड?

OpenAI ने अपने तीन एआई मॉडल लॉन्च कर दिए हैं जिनमें GPT-5.6 Sol, Terra और Luna शामिल हैं, हालांकि आम आदमी को इन मॉडल के इस्तेमाल की इजाजत नहीं दी गई है।

Image

OpenAI ने लॉन्च किए 3 नए महाशक्तिशाली AI मॉडल्स/Photo-AI

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने अपने नए और एडवांस AI मॉडल GPT-5.6 को पेश कर दिया है। कंपनी के अनुसार, यह नई AI फैमिली पहले के मुकाबले ज्यादा शक्तिशाली है और इसे खासतौर पर कोडिंग, साइंस रिसर्च और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों के लिए तैयार किया गया है। GPT-5.6 को तीन अलग-अलग मॉडल्स के साथ लॉन्च किया गया है, जिनका इस्तेमाल अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से किया जा सकेगा।

GPT-5.6 Sol, Terra और Luna में क्या है खास

OpenAI ने इस बार अपने मॉडल्स की नेमिंग में बदलाव किया है। कंपनी ने GPT-5.6 के तीन वेरिएंट पेश किए हैं। GPT-5.6 Sol को कंपनी का सबसे शक्तिशाली मॉडल बताया जा रहा है। इसे मुश्किल कोडिंग, वैज्ञानिक रिसर्च और जटिल समस्याओं को हल करने के लिए डिजाइन किया गया है। GPT-5.6 Terra को बिजनेस और डेवलपर्स के रोजमर्रा के कामों के लिए तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह पिछले मॉडल्स जैसी क्षमता देता है, लेकिन इसकी लागत काफी कम है। GPT-5.6 Luna सबसे तेज और किफायती मॉडल है, जिसे कम बजट वाले एप्लिकेशन और तेज AI प्रोसेसिंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।

AI में जोड़े गए नए फीचर्स

GPT-5.6 में दो बड़े फीचर्स शामिल किए गए हैं। पहला है मैक्स रीजनिंग एफर्ट, जिसके जरिए AI किसी सवाल का तुरंत जवाब देने के बजाय ज्यादा समय लेकर उसका गहराई से विश्लेषण करता है। इससे जटिल सवालों के ज्यादा सटीक जवाब मिलने की उम्मीद है।

दूसरा फीचर अल्ट्रा मोड है। इसमें सिर्फ एक AI मॉडल काम नहीं करता, बल्कि कई छोटे AI एजेंट मिलकर किसी बड़े प्रोजेक्ट पर काम करते हैं। इससे जटिल कोडिंग और रिसर्च जैसे कामों को ज्यादा बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकता है।

साइबर सिक्योरिटी में दिखी नई क्षमता

GPT-5.6 ने सॉफ्टवेयर में मौजूद कमजोरियों को खोजने और डिफेंसिव सिक्योरिटी टेस्टिंग के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन दिखाया है। बेंचमार्क टेस्ट में इसने कम टोकन्स का इस्तेमाल करते हुए कई प्रतिस्पर्धी AI मॉडल्स को पीछे छोड़ने का दावा किया गया है।

हालांकि, OpenAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि GPT-5.6 अभी साइबर सिक्योरिटी के मामले में पूरी तरह स्वायत्त खतरा नहीं है। यह सुरक्षा खामियां पहचान सकता है, लेकिन खुद से कोई पूरा साइबर अटैक या खतरनाक हैकिंग टूल तैयार करने की क्षमता नहीं रखता।

फिलहाल आम यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं

GPT-5.6 के लॉन्च के बाद भी दुनिया भर के सामान्य यूजर्स इसका इस्तेमाल तुरंत नहीं कर पाएंगे। रिपोर्ट के अनुसार, एडवांस AI मॉडल्स की बढ़ती क्षमताओं को देखते हुए अमेरिका में इसकी सुरक्षा जांच की जा रही है।

OpenAI ने लॉन्च से पहले अमेरिकी सरकार को मॉडल की क्षमताओं की जानकारी दी थी। इसके बाद फिलहाल इसे कुछ चुनिंदा अमेरिकी पार्टनर्स के लिए API और Codex के जरिए सीमित प्रीव्यू के रूप में उपलब्ध कराया गया है।

ChatGPT में जल्द मिल सकता है नया मॉडल

OpenAI का कहना है कि आने वाले समय में GPT-5.6 को ChatGPT के जरिए दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। अगर यह मॉडल बड़े स्तर पर जारी होता है तो AI की दुनिया में कोडिंग, रिसर्च और ऑटोमेशन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article