देश

FlightGlobal की डायरेक्टरी में राफेल की संख्या पर सवाल, भारतीय वायुसेना ने आंकड़ों को बताया पूरी तरह गलत

भारतीय वायुसेना ने ब्रिटिश एविएशन पत्रिका FlightGlobal की 2027 डायरेक्टरी में राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या 32 बताए जाने को खारिज कर दिया है। वायुसेना सूत्रों ने कहा कि भारत के पास सभी 36 राफेल सक्रिय हैं और अंतरराष्ट्रीय अभ्यासों में शामिल हो रहे हैं।

Image

36 विमानों को पत्रिका ने लिखा 32 (फाइल फोटो)

Photo : AP

भारतीय वायुसेना (IAF) ने फ्रांस से खरीदे गए राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर ब्रिटिश एविएशन और डिफेंस मैगजीन 'FlightGlobal' की रिपोर्ट और आंकड़ों को सिरे से खारिज कर दिया है। वायुसेना सूत्रों ने पत्रिका द्वारा जारी आंकड़ों को तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताया है। दरअसल, FlightGlobal की आगामी '2027 World Air Forces Directory' में भारतीय वायुसेना के सक्रिय राफेल विमानों की संख्या घटाकर दर्ज की गई थी, जिस पर भारतीय रक्षा और वायुसेना प्रतिष्ठान ने कड़ी आपत्ति जताई है।

क्या है 'FlightGlobal' की रिपोर्ट में?

ब्रिटिश एविएशन मैगजीन FlightGlobal ने अपनी नई 2027 डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के बेड़े में केवल 32 सक्रिय रफाल लड़ाकू विमान दर्शाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसी पत्रिका के 2026 संस्करण में भारत के सक्रिय रफाल विमानों की संख्या 35 दर्ज की गई थी। भारत ने फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन कंपनी के साथ कुल 36 राफेल विमानों का सौदा किया था और सभी 36 विमान भारतीय वायुसेना को प्राप्त हो चुके हैं। ऐसे में 2026 में 35 और अब 2027 में 32 विमान दर्शाए जाने पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।

"FlightGlobal के आंकड़े पहले भी गलत रहे हैं"

भारतीय वायुसेना के उच्च पदस्थ सूत्रों ने पत्रिका की इस रिपोर्ट को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि भारत का रफाल स्क्वाड्रन पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है। उनका कहना है कि इससे पहले भी FlightGlobal की डायरेक्टरी में विमानों की संख्या से जुड़े आंकड़े गलत साबित हुए हैं। जिन विमानों की संख्या को पत्रिका ने अपनी रिपोर्ट में कम बताया है, वे विमान न केवल भारतीय वायुक्षेत्र में नियमित उड़ान भर रहे हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों (International Military Exercises) में भी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।"

अंबाला और हासीमारा में तैनात हैं दोनों स्क्वाड्रन

भारत ने सितंबर 2016 में फ्रांस के साथ 36 अंतर-सरकारी रफाल लड़ाकू विमानों का सौदा किया था। भारतीय वायुसेना के बेड़े में ये सभी 36 रफाल पूरी तरह से शामिल हो चुके हैं और दो प्रमुख रणनीतिक एयरबेस पर तैनात हैं। 17 स्क्वाड्रन (गोल्डन एराउज) अंबाला एयरफोर्स स्टेशन (हरियाणा) और 101 स्क्वाड्रन (फाल्कन्स) हासीमारा एयरफोर्स स्टेशन (पश्चिम बंगाल)। वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, रफाल बेड़े की सर्विसिबिलिटी का स्तर बहुत ऊंचा है और मैगजीन द्वारा संख्या में कटौती की बात में कोई सच्चाई नहीं है।

Shivani Mishra
Shivani Mishraauthor

Covering stories of public interest in crime and politics now. Entertainment enthusiast over five years. Reporting across Maharashtra.

और पढ़ें
End of Article