देश

'भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर बैठे होते अगर...', ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की बैठक को लेकर राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका, चीन और रूस के नेताओं की त्रिपक्षीय बैठक वाली टेबल पर बैठे होते। राहुल ने आरोप लगाया कि भारत वैश्विक कूटनीति में साइड प्लेयर बन गया है, जबकि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

Image

ट्रंप-Xi-पुतिन की बैठक का जिक्र कर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना। AP

Rahul Gandhi Targets PM Modi: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती, तो भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर बैठे होते। राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि एक 'समझौता कर चुका प्रधानमंत्री' कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता।

दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच आज चीन के शेन्जेन शहर में त्रिपक्षीय बैठक हुई। दुनिया के तीन शक्तिशाली शासकों के बीच इस तरह की ये पहली बैठक थी। इस बैठक की एक तस्वीर भी सामने आई है, जहां तीनों नेता राउंड टेबल पर बैठे नजर आए।

वैश्विक मंच पर साइड प्लेयर बन गया भारत: राहुल गांधी

इससे पहले राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति और वैश्विक कूटनीति में देश की भूमिका को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने में सक्रिय है, जबकि भारत सिर्फ देख रहा है। राहुल गांधी के मुताबिक, भारत को अपनी आबादी, इतिहास और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिहाज से वैश्विक मामलों में अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा," मैं बहुत हैरान हूं कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिकियों से बातचीत करने में बिज़ी है, जबकि इंडिया बस देख रहा है। आज़ादी के बाद से ही इंडिया की जियोपॉलिटिकल समझ हमेशा से अच्छी रही है। हमारा अपना दिमाग था। हमारी फॉरेन पॉलिसी इस बात से तय होती थी कि इंडिया को क्या फायदा होगा। हमारे साइज़, हमारे इतिहास और हमारे रिश्तों को देखते हुए, हमें इन ग्लोबल बातचीत में शामिल होना चाहिए। लेकिन सच कहूं तो, इंडिया एक साइड प्लेयर बन गया है। हम स्टेज से पीछे हट गए हैं। हमारी आवाज और नजरिया है, लेकिन वह नजरिया गायब है।"

उन्होंने आगे कहा कि इंडिया में पहले से ही दर्द था। ईरान युद्ध ने इसे और बढ़ा दिया, लोगों को हद से ज़्यादा परेशान कर दिया। हम इंडिया में बैठकर इस बात से बेफिक्र नहीं रह सकते कि बाकी दुनिया में क्या हो रहा है। दूसरे वर्ल्ड वॉर के बाद का सिक्योरिटी स्ट्रक्चर वेस्ट ने बनाया था। अगला ग्लोबल आर्किटेक्चर कई सिविलाइज़ेशन बनाएंगे। 1.5 बिलियन लोगों के देश को इसे बनाने में मदद करनी चाहिए। हम स्टेबिलिटी चाहते हैं। हम एक ऐसा ऑर्डर चाहते हैं जो सिर्फ़ बोलने से नहीं, बल्कि बराबर सुनने से बने।

अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत की विदेश नीति स्वतंत्र सोच पर आधारित थी और देश अपने हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेता था। उन्होंने गुटनिरपेक्ष आंदोलन (Non-Aligned Movement) में भारत की ऐतिहासिक भूमिका का भी जिक्र किया।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत अपने आकार, इतिहास और दूसरे देशों के साथ संबंधों के कारण वैश्विक बातचीत में अहम भूमिका निभाने की क्षमता रखता है, लेकिन अब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर पीछे हट गया है। उनके मुताबिक, भारत के पास अपनी आवाज और नजरिया है, लेकिन वैश्विक चर्चाओं में वह नजर नहीं आ रहा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article