अध्यात्म

Dev Uthani Ekadashi: देवउठनी एकादशी पर घर की दीवार पर देव कैसे बनाए जाते हैं, जानें देव बनाने की पारंपरिक विधि

Dev Uthani Ekadashi Par Dev Kaise Banaye (देवउठनी एकादशी पर देव कैसे बनाएं): आज देवउठनी एकादशी का शुभ दिन है और देवउठनी एकादशी पर देव कैसे बनाएं? यहां से आपको देव बनाने की पूरी जानकारी मिलेगी।

Image

देवउठनी एकादशी पर देव कैसे बनाए जाते हैं?

Dev Uthani Ekadashi Par Dev Kaise Banaye (देवउठनी एकादशी पर देव कैसे बनाएं): देवउठनी एकादशी का पर्व हिंदू धर्म में बेहद खास है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जाता है। इस दिन घरों में देव बनाने और उन्हें जगाने की विशेष परंपरा निभाई जाती है। ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरों तक कई परिवार आज भी इस पुरानी परंपरा को पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निभाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देवउठनी एकादशी पर दीवार पर देवों का घर कैसे बनाया जाता है। आइए जानते हैं देवउठनी ग्यारस पर देव बनाने की पूरी पारंपरिक विधि।

देवउठनी एकादशी पर देव कैसे बनाएं| Dev Uthani Ekadashi Par Dev Kaise Banaye

देव बनाने की परंपरा में गेरू का विशेष महत्व माना जाता है। इसे घर की दीवार पर एक खास आकृति के रूप में बनाया जाता है। अगर आप भी इस एकादशी पर अपने घर में देव बनाना चाहते हैं, तो पारंपरिक तरीके से ये काम कर सकते हैं।

  1. सबसे पहले एक कटोरी में गेरू घोल लें। अब दीवार पर इसकी मदद से देवों का घर बनाएं। इसके लिए चारों तरफ रेखाएं खींचें और बीच में दरवाजे के लिए जगह खाली छोड़ दें।
  2. घर की आकृति बनाने के बाद उसे पारंपरिक डिजाइन से सजाएं। इसके ऊपर एक मुख और दोनों तरफ हाथों की आकृति बनाएं। इसके बाद अंदर भगवान विष्णु की आकृति बनाएं।
  3. देवों के घर में भगवान विष्णु के साथ बैकुंठ जाने वाली सीढ़ियां बनाएं। इसके पास तुलसी के पौधे की आकृति बनाएं। ऊपर की तरफ दो स्वास्तिक बनाकर इसे शुभता का प्रतीकात्मक रूप दें।
  4. देवों के घर से बाहर की तरफ एक रास्ता बनाएं। इस रास्ते के आगे चकरी की आकृति बनाएं। पारंपरिक विधि में इस चकरी के अंदर सात गोले बनाए जाते हैं। इसके चारों तरफ पांच देवों की आकृतियां भी बनाई जाती हैं।
  5. देवों के घर के नीचे परिवार के सभी सदस्यों के पैरों के निशान बनाएं। आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पैरों के निशान बनाए जाते हैं। इसके साथ दो गाय और दो बछड़ों के खुरों की आकृति भी बनाई जाती है।
  6. घर के सभी दरवाजों पर पांच-पांच बिंदियां लगाएं। हालांकि, पारंपरिक मान्यता के अनुसार बाथरूम के दरवाजे पर ये निशान नहीं बनाए जाते हैं।
  7. देवों की आकृति तैयार होने के बाद उसके सामने गेहूं या बाजरा रखें। इसके साथ मौसमी फल, सब्जियां और पूजा के लिए तैयार किया गया भोग भी रख सकते हैं।
  8. आखिर में पूजा सामग्री और देवों के सामने रखी वस्तुओं को एक परात से ढक दें। परात के ऊपर स्वास्तिक बनाएं। इसके बाद हाथ जोड़कर प्रणाम करें। ध्यान रखें कि देव बनाने की यह पूरी प्रक्रिया दिन के समय ही कर ली जाती है।

देवउठनी एकादशी पर देव क्यों बनाए जाते हैं?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इसी दिन को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। भगवान विष्णु के जागने की खुशी में घरों में पूजा-पाठ, दीपदान और मंगल गीत गाने की परंपरा है। इसी अवसर पर कई घरों में गेरू से दीवार पर देवों का घर बनाया जाता है। इसे प्रतीकात्मक रूप से भगवान के जागरण और उनके स्वागत की तैयारी माना जाता है। इस आकृति में भगवान विष्णु, तुलसी, स्वास्तिक, बैकुंठ की सीढ़ियां और परिवार के सदस्यों के पैरों के निशान जैसी आकृतियां बनाई जाती हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article