टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp के 'यूजरनेम' फीचर पर सरकार का बड़ा एक्शन, लगाई रोक, META को भेजा नोटिस

सूत्रों के अनुसार, सरकार यह समझना चाहती है कि यूजरनेम फीचर कैसे काम करेगा, इससे यूजर्स की पहचान और सुरक्षा पर क्या असर पड़ेगा और इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा।

Image

सरकार ने वॉट्सऐप के यूजरनेम फीचर को लेकर मेटा को नोटिस भेजा। (फोटो क्रेडिट-iStock)

मेटा के स्वामित्व वाली कंपनी वॉट्सऐप की तरफ से हाल ही में यूजरनेम फीचर को रोलआउट किया था। लॉन्च के बाद से ही प्राइवेसी को लेकर वॉट्सऐप का यह फीचर संदेह के दायरे में घिरा हुआ है। अब इसको लेकर भारत सरकार की तरफ से बड़ा ऐक्शन लिया गया है। भारत सरकार ने WhatsApp पर यूजरनेम फीचर लाने की योजना को लेकर Meta को नोटिस भेजा है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने Meta से इस नए फीचर से जुड़ी पूरी जानकारी 3 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है।

सूत्रों के अनुसार, सरकार यह समझना चाहती है कि यूजरनेम फीचर कैसे काम करेगा, इससे यूजर्स की पहचान और सुरक्षा पर क्या असर पड़ेगा और इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा। इसी वजह से सरकार ने Meta से यह भी कहा है कि जब तक इस मुद्दे पर बातचीत और जरूरी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक WhatsApp पर यूजरनेम फीचर लॉन्च न किया जाए।

सरकार को चिंता है कि व्हाट्सएप के इस नए फीचर का गलत इस्तेमाल करके ऑनलाइन ठगी के मामले बढ़ सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, सरकार राष्ट्रीय और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े किसी भी जोखिम को हल्के में नहीं लेगी। इसी वजह से इस फीचर से जुड़े कानूनी नियमों और मौजूदा प्रावधानों की जांच की जा रही है। साथ ही सरकार व्हाट्सएप से इस फीचर के असर, सुरक्षा व्यवस्था और आगे की योजना के बारे में विस्तृत जानकारी मांगेगी। भारत में करीब 50 करोड़ लोग व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, कंपनी का कहना है कि इस फीचर को यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए तैयार किया गया है।

WhatsApp के इस फीचर को लेकर कई सारे टेक दिग्गज भी सवाल उठा चुके हैं। एक्सपर्ट का मानना है कि यूजरनेम फीचर का इस्तेमाल फेक आईडी के तौर पर भी हो सकता है। इसके अलावा कुछ एक्सपर्ट ने यह भी संभावना जताई है कि अगर भविष्य में यूजरनेम का पेड वर्जन आता है तो लोग पैसे देकर दूसरे की आईडी कॉपी कर सकते हैं।

क्या है यूजरनेम फीचर?

WhatsApp का Username फीचर एक नया फीचर है, जिसके जरिए आप अपना यूनिक @username बना सकते हैं। इस फीचर की मदद से आप बिना मोबाइल नंबर शेयर किए किसी के साथ चैटिंग कर सकते हैं और साथ ही फोटो, वीडियो को भी शेयर कर सकते हैं। वॉट्सऐप का मानना है कि यह फीचर आपके मोबाइल नंबर को अनजान लोगों तक पहुंचने से रोकेगा।

इसकी खास बातें

  • आप @yourname जैसे एक यूनिक यूजरनेम चुन सकेंगे।
  • अगर कोई आपका यूजरनेम जानता है, तो वह आपसे चैट शुरू कर सकता है, बिना आपका फोन नंबर जाने।
  • इससे आपकी प्राइवेसी बेहतर होती है, खासकर जब आप नए लोगों, बिजनेस या कम्युनिटी के साथ जुड़ते हैं।
  • यूजरनेम यूनिक होगा—एक ही यूजरनेम दो लोग नहीं रख सकते।
  • यदि आप अपना यूजरनेम बदलते हैं, तो पुराना यूजरनेम किसी और के लिए उपलब्ध हो सकता है।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article