आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच भारत, अमेरिका समेत 10 देशों ने एक अहम समझौता किया है। इन देशों ने AI की सप्लाई चेन और इससे जुड़े महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए सैन फ्रांसिस्को घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल का मकसद AI तकनीक के विकास के लिए जरूरी सेमीकंडक्टर, सिलिकॉन और दूसरे महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति को सुरक्षित बनाना है। यह कदम चीन के साथ उभरती तकनीकों के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच उठाया गया है।
किन 10 देशों ने किए हस्ताक्षर?
PTI/भाषा के मुताबिक अमेरिका के नेतृत्व वाली 'पैक्स सिलिका' पहल के तहत रविवार को सैन फ्रांसिस्को में हुई बैठक में इस घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इसमें भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इजराइल, जापान, दक्षिण कोरिया, कतर, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन शामिल हैं। बैठक का आयोजन अमेरिकी विदेश मंत्रालय के आर्थिक मामलों के अवर सचिव जैकब हेलबर्ग ने किया था।
क्या है पैक्स सिलिका पहल?
अमेरिका ने दिसंबर 2025 में पैक्स सिलिका पहल की शुरुआत की थी। इसका मुख्य उद्देश्य सिलिकॉन और सेमीकंडक्टर बनाने के लिए जरूरी दूसरे खनिजों की सप्लाई चेन को सुरक्षित करना है। ये संसाधन AI, चिप निर्माण और अन्य आधुनिक तकनीकों के लिए बेहद जरूरी हैं। घोषणापत्र में कहा गया है कि आर्थिक सुरक्षा ही राष्ट्रीय सुरक्षा का बुनियादी आधार है। इसमें AI से जुड़ी संवेदनशील तकनीकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को सभी सदस्य देशों की साझा जिम्मेदारी बताया गया है।
पांच कार्यकारी समूह करेंगे काम
घोषणापत्र के तहत पांच कार्यकारी समूह बनाने का प्रस्ताव है। ये समूह AI से जुड़े नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियों, विभिन्न क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल, पूरी सप्लाई चेन में सहयोग, सुरक्षित कारोबारी माहौल और तकनीकी बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर काम करेंगे।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, कोई भी देश अकेले AI के भविष्य को सुरक्षित नहीं कर सकता। इसलिए सभी देशों के बीच सहयोग जरूरी है। इस समझौते से सदस्य देशों को निवेश, तकनीकी विकास और नवाचार के लिए मजबूत आधार तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
