शहर घूमने आई थाईलैंड की एक यूट्यूबर के साथ ऑटो चालक द्वारा अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। युवती नगर निगम के टाउनहॉल मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम की मोबाइल से लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थी। इसी दौरान ऑटो चालक उसके पास पहुंचा और अश्लील बातें करने लगा। आरोपी की यह हरकत युवती के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई, जिसे उसने अपने इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद सूरजपोल थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान आफताब उर्फ गबरू पुत्र अबरार खान निवासी सेक्टर-11, महाराज का अखाड़ा के रूप में हुई है। आरोपी ने दो दिन तक युवती को अपने ऑटो में शहर की अलग-अलग जगहों पर घुमाया था।
नगर निगम के मेले में पहुंची थी युवती
जानकारी के अनुसार, युवती ने उदयपुर घूमने के लिए आरोपी का ऑटो बुक किया था। 13 नवंबर को वह ऑटो से टाउनहॉल स्थित नगर निगम के मेले में पहुंची थी। वहां वह अपने मोबाइल से सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग कर रही थी। इसी दौरान ऑटो चालक उसके पास आया और अश्लील बातें करने लगा। युवती ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और 14 नवंबर को अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट कर दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अश्लीलता से संबंधित मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
युवती के इंस्टाग्राम पेज पर करीब 70 हजार फॉलोअर्स हैं। वह इन दिनों भारत भ्रमण पर है। घटना के बाद युवती ने अपने संदेश में कहा कि भारत में वह जिन भी लोगों से मिली और बात की, उनमें से अधिकांश अच्छे और मददगार रहे हैं। एक व्यक्ति की हरकत पूरे भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करती।
