अध्यात्म

खत्म हो गया इन 4 राशियों का 'बैड टाइम', सूर्य का वृश्चिक में जाना देगा धुआंधार लाभ

Sun Transit in Scorpio 2026 : सूर्य ने 16 नवंबर की शाम को मंगल की राशि वृश्चिक में गोचर कर लिया है। आइए जानते हैं कि सभी 12 राशि वालों के लिए यह परिवर्तन कैसा रहेगा?

Image

सूर्य का वृश्चिक राशि में गोचर किनके लिए शुभ रहेगा

Sun Transit in Scorpio 2026 : ग्रहों के राजा सूर्य 16 नवंबर 2026 की शाम 7 बजकर 48 मिनट पर तुला राशि से निकलकर मंगल के स्वामित्व वाली वृश्चिक राशि में प्रवेश कर चुके हैं। सूर्य यहां 16 दिसंबर 2026 की सुबह 10 बजकर 29 मिनट तक रहेंगे। ज्योतिषीय दृष्टि से यह राशि परिवर्तन काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि सूर्य पिछले करीब एक महीने से अपनी नीच राशि तुला में थे। अब मित्र ग्रह मंगल की राशि वृश्चिक में पहुंचने के बाद उनकी स्थिति में बदलाव आएगा। इसका असर लोगों के आत्मविश्वास, कार्यक्षमता, प्रशासनिक मामलों, पिता से संबंध, नौकरी और सामाजिक प्रतिष्ठा पर दिखाई दे सकता है।

सूर्य को ज्योतिष में आत्मबल, मान-सम्मान, नेतृत्व, पिता, सरकारी क्षेत्र और अधिकार का कारक माना जाता है। जब सूर्य कमजोर स्थिति से निकलकर मित्र ग्रह की राशि में पहुंचते हैं, तो व्यक्ति के भीतर अपने फैसलों को लेकर दृढ़ता बढ़ सकती है। जो लोग पिछले कुछ समय से कामकाज में पहचान न मिलने, अधिकारियों से तालमेल की कमी या निर्णय लेने में असमंजस का सामना कर रहे थे, उन्हें अब परिस्थितियों में बदलाव महसूस हो सकता है। हालांकि वृश्चिक जल तत्व की स्थिर राशि है और इसके स्वामी मंगल हैं। ऐसे में यह गोचर केवल आत्मविश्वास ही नहीं बढ़ाएगा, बल्कि कई मामलों में जिद, गुस्सा, नियंत्रण की इच्छा और दबाव में फैसले लेने की प्रवृत्ति भी बढ़ा सकता है।

मंगल की दृष्टि से बढ़ेगा सूर्य का प्रभाव

इस गोचर का सबसे महत्वपूर्ण ज्योतिषीय पहलू मंगल की स्थिति है। वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल इस समय सिंह राशि में विराजमान हैं। उनके साथ देवगुरु बृहस्पति और केतु भी मौजूद हैं। मंगल अपनी चौथी दृष्टि से वृश्चिक राशि को देख रहे हैं, जहां सूर्य गोचर कर रहे हैं। इस वजह से सूर्य और मंगल का संबंध इस पूरे महीने के फल को प्रभावित करेगा। मंगल की दृष्टि सूर्य को अधिक सक्रिय और प्रभावशाली बना सकती है। नौकरी और कारोबार में जोखिम लेकर आगे बढ़ने, अटके हुए काम पूरे करने और विरोधियों के सामने मजबूती से अपनी बात रखने का साहस बढ़ सकता है। दूसरी ओर, यही स्थिति जल्दबाजी, अधिकारियों से टकराव और रिश्तों में अहंकार की समस्या भी पैदा कर सकती है।

नवंबर के अंतिम सप्ताह से ग्रहों की स्थिति में कुछ और बदलाव दिखाई देंगे। 22 नवंबर को शुक्र अपनी राशि तुला में वापस प्रवेश करेंगे। इससे रिश्तों, पारिवारिक मामलों और आर्थिक फैसलों में संतुलन बनाने के अवसर मिल सकते हैं। 2 दिसंबर को बुध वृश्चिक राशि में पहुंचेंगे। इसके बाद सूर्य के करीब आने के कारण दिसंबर के पहले सप्ताह में बुध के अस्त होने की स्थिति बनेगी। इस समय बातचीत, दस्तावेजों, कारोबारी समझौतों और महत्वपूर्ण फैसलों में अतिरिक्त सावधानी रखना बेहतर रहेगा।

शनि अभी मीन राशि में वक्री हैं और 11 दिसंबर को मार्गी होंगे। वहीं बृहस्पति 13 दिसंबर को सिंह राशि में वक्री हो जाएंगे। इस तरह सूर्य के वृश्चिक राशि में रहने के अंतिम दिनों में शनि और गुरु की चाल भी बदलने वाली है। इसका असर उन लोगों के लिए खास हो सकता है जिनके जीवन में नौकरी, जिम्मेदारियों, पढ़ाई और पुराने आर्थिक मामलों से जुड़े फैसले लंबित हैं।

सूर्य के वृश्चिक राशि में जाने से 12 राशियों पर क्या पड़ेगा असर?

यहां दिया गया राशिफल चंद्र राशि के आधार पर है। सूर्य वृश्चिक राशि में गोचर करेंगे, इसलिए अलग-अलग राशियों से उनकी स्थिति अलग-अलग भावों में बनेगी। इसी वजह से किसी राशि को करियर में लाभ मिल सकता है, तो किसी को पारिवारिक और आर्थिक मामलों में सावधानी रखनी होगी।

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए सूर्य आठवें भाव में गोचर करेंगे। यह समय अचानक सामने आने वाली परिस्थितियों और पुराने मामलों को सुलझाने पर ध्यान देने का संकेत दे रहा है। नौकरी करने वालों को कार्यस्थल पर कुछ ऐसी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं जिनके लिए धैर्य और गोपनीयता के साथ काम करना होगा। किसी पुराने विवाद, टैक्स, बीमा या साझा धन से जुड़े मामले में सक्रियता बढ़ सकती है।

जल्दबाजी में निवेश करने या किसी के कहने पर बड़ा आर्थिक जोखिम लेने से बचें। स्वास्थ्य के मामले में अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखें और छोटी परेशानियों को नजरअंदाज न करें। मंगल, गुरु और केतु की सिंह राशि में मौजूदगी आपके पांचवें भाव को भी प्रभावित कर रही है। ऐसे में संतान, प्रेम संबंध, पढ़ाई और शेयर बाजार जैसे मामलों में भावनाओं के बजाय सोच-समझकर फैसला लेना जरूरी होगा। शोध, जांच-पड़ताल और पुराने कामों की समीक्षा करने वालों के लिए यह अवधि उपयोगी हो सकती है, लेकिन बड़े बदलावों के लिए पूरी जानकारी जुटाएं।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों के लिए सूर्य सातवें भाव में प्रवेश कर रहे हैं। यह भाव वैवाहिक जीवन, जीवनसाथी, बिजनेस पार्टनरशिप और सार्वजनिक व्यवहार से जुड़ा है। सूर्य की स्थिति के कारण रिश्तों में अपनी बात मनवाने की प्रवृत्ति बढ़ सकती है। शादीशुदा लोगों को छोटी बातों पर बहस करने से बचना होगा। कारोबार में साझेदार के साथ जिम्मेदारियों और पैसों को लेकर स्पष्ट बातचीत करें।

किसी नए समझौते या पार्टनरशिप को अंतिम रूप देने से पहले उसकी शर्तें अच्छी तरह पढ़ें। नौकरी में क्लाइंट, वरिष्ठ अधिकारी या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के साथ तालमेल बनाए रखना जरूरी होगा। इस अवधि में आपको अपने काम का श्रेय पाने की इच्छा बढ़ सकती है, लेकिन इसके लिए दूसरों को कमतर दिखाने की कोशिश न करें। आर्थिक मामलों में लाभ और खर्च दोनों की स्थिति बन सकती है। सूर्य की सातवीं दृष्टि वृषभ राशि पर भी रहेगी, जिससे व्यक्तिगत फैसलों और रिश्तों पर इस गोचर का प्रभाव ज्यादा महसूस हो सकता है।

मिथुन राशि

मिथुन राशि वालों के लिए सूर्य का यह गोचर काफी अनुकूल रहने की संभावना है। सूर्य आपके छठे भाव में रहेंगे, जिसे प्रतियोगिता, नौकरी, कर्ज, रोग और विरोधियों से जुड़ा माना जाता है। गोचर के लिहाज से सूर्य की यह स्थिति अच्छी मानी गई है। नौकरी में लंबे समय से चल रही प्रतिस्पर्धा में आपको बढ़त मिल सकती है। जो लोग नई नौकरी की तलाश कर रहे हैं, उन्हें इंटरव्यू या चयन से जुड़े मामलों में सकारात्मक संकेत मिल सकते हैं। सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स को अपनी मेहनत का बेहतर परिणाम पाने के लिए समय मिल सकता है।

कार्यस्थल पर विरोध करने वाले लोगों के सामने आपकी स्थिति मजबूत हो सकती है। पुराने कर्ज को चुकाने या किसी विवाद को बातचीत से सुलझाने की दिशा में भी प्रगति संभव है। मंगल, गुरु और केतु आपके तीसरे भाव में हैं, जिससे साहस और पहल करने की क्षमता बढ़ सकती है। मीडिया, मार्केटिंग, सेल्स, लेखन और कम्युनिकेशन से जुड़े लोगों को इसका लाभ मिल सकता है। हालांकि सहकर्मियों से बातचीत में संयम रखें और काम के दबाव में स्वास्थ्य की अनदेखी न करें।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए सूर्य पांचवें भाव में गोचर करेंगे। यह भाव बुद्धि, शिक्षा, संतान, प्रेम संबंध और रचनात्मक कार्यों का प्रतिनिधित्व करता है। इस दौरान पढ़ाई कर रहे लोगों को अपनी एकाग्रता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ सकते हैं। किसी परीक्षा या इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं, तो नियमित अभ्यास से लाभ मिलेगा। प्रेम संबंधों में अपनी बात को लेकर जिद करने से बचें। पार्टनर के साथ किसी पुराने मुद्दे पर बहस बढ़ सकती है। संतान की पढ़ाई या भविष्य को लेकर आपकी चिंता बढ़ सकती है, लेकिन जल्दबाजी में उन पर दबाव न बनाएं।

आर्थिक मामलों में सट्टा, शेयर बाजार या किसी जोखिम भरे निवेश में बड़ा पैसा लगाने से बचना बेहतर रहेगा। मंगल, गुरु और केतु दूसरे भाव में हैं, जिससे पारिवारिक बातचीत और धन से जुड़े फैसलों पर भी असर पड़ सकता है। परिवार में किसी सदस्य की बात आपको कठोर लग सकती है। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें और बचत को प्राथमिकता दें। रचनात्मक काम करने वालों के लिए नई योजनाओं पर गंभीरता से काम करने का समय है।

सिंह राशि

सिंह राशि के स्वामी स्वयं सूर्य हैं और अब वे आपके चौथे भाव में गोचर कर रहे हैं। यह भाव माता, घर, जमीन, मकान, वाहन और मानसिक शांति से संबंधित है। इस दौरान घर-परिवार से जुड़ी जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। मकान, जमीन या वाहन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो उससे जुड़े दस्तावेजों और आर्थिक स्थिति की अच्छी तरह जांच करें। संपत्ति से संबंधित किसी पुराने मामले में हलचल हो सकती है। नौकरी में काम की वजह से घर और परिवार को पर्याप्त समय देना मुश्किल हो सकता है।

माता की सेहत और उनकी जरूरतों पर ध्यान दें। मंगल, गुरु और केतु आपकी ही राशि में मौजूद हैं, जिससे आत्मविश्वास तो बढ़ेगा, लेकिन स्वभाव में जल्दबाजी भी आ सकती है। परिवार के किसी सदस्य के साथ विचारों का टकराव होने पर बात को बढ़ाने से बचें। महीने के अंतिम हिस्से में राहु-केतु की राशि परिवर्तन की प्रक्रिया भी आपके लिए महत्वपूर्ण रहेगी। कुल मिलाकर यह समय घर, संपत्ति और पारिवारिक जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करने का है। करियर में आगे बढ़ने के लिए घरेलू मोर्चे पर संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए सूर्य तीसरे भाव में गोचर करेंगे। ज्योतिषीय गोचर में सूर्य की तीसरे भाव में स्थिति को अनुकूल माना गया है। इस दौरान आपके साहस, आत्मविश्वास और काम करने की क्षमता में वृद्धि हो सकती है। नौकरी में नई जिम्मेदारी लेने या किसी बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। जो लोग मीडिया, मार्केटिंग, सेल्स, लेखन, कम्युनिकेशन और डिजिटल क्षेत्र से जुड़े हैं, उन्हें अपने काम का बेहतर परिणाम मिल सकता है। कारोबारियों के लिए नए संपर्क बनाने और पुराने क्लाइंट से दोबारा बातचीत शुरू करने का समय अनुकूल रह सकता है।

छोटी दूरी की यात्राएं भी काम के सिलसिले में हो सकती हैं। भाई-बहनों के साथ किसी पुराने मतभेद को बातचीत से सुलझाने का अवसर मिलेगा। महीने के दूसरे हिस्से में बुध का वृश्चिक राशि में प्रवेश आपके तीसरे भाव को और सक्रिय करेगा। इससे लेखन, बातचीत और जरूरी फैसलों में तेजी आ सकती है। हालांकि मंगल, गुरु और केतु आपके बारहवें भाव में हैं, इसलिए यात्रा, विदेश या अन्य कारणों से खर्च बढ़ सकते हैं। काम में मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाएं, लेकिन बजट पर नजर बनाए रखें।

तुला राशि

तुला राशि वालों के लिए सूर्य दूसरे भाव में गोचर करेंगे। सूर्य के तुला राशि से निकलने के बाद अब आपका ध्यान धन, बचत, परिवार और वाणी से जुड़े मामलों पर अधिक रहेगा। पिछले समय से आर्थिक मामलों में जो असमंजस बना हुआ था, उसमें धीरे-धीरे स्पष्टता आ सकती है, लेकिन खर्च और आमदनी के बीच संतुलन बनाना जरूरी होगा। परिवार में किसी मुद्दे पर आपकी बात को गलत समझा जा सकता है।

खासतौर पर गुस्से में कही गई बात रिश्तों में दूरी पैदा कर सकती है। नौकरी में वेतन, इंसेंटिव या किसी पुराने भुगतान को लेकर बातचीत हो सकती है। कारोबारियों को उधार और लेनदेन के मामलों में लिखित रिकॉर्ड रखना चाहिए। 22 नवंबर को शुक्र अपनी राशि तुला में प्रवेश करेंगे। इससे आपकी व्यक्तिगत छवि और रिश्तों को संभालने की क्षमता बेहतर हो सकती है। इसके बावजूद सूर्य के दूसरे भाव में रहने के कारण वाणी पर नियंत्रण रखना जरूरी है। परिवार के साथ समय बिताएं और बिना जरूरत के बड़े खर्च करने से बचें। आर्थिक फैसले भावनाओं में आकर न लें।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए यह गोचर विशेष महत्व रखता है, क्योंकि सूर्य आपकी ही राशि में प्रवेश कर चुके हैं। सूर्य के पहले भाव में आने से आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अपनी पहचान बनाने की इच्छा बढ़ सकती है। नौकरी करने वालों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है। कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारी आपके काम और फैसलों पर ध्यान दे सकते हैं। जो लोग लंबे समय से किसी जिम्मेदारी या पद की प्रतीक्षा कर रहे हैं, वे इसके लिए प्रयास तेज कर सकते हैं। कारोबार में अपनी रणनीति और काम करने के तरीके में बदलाव करने की इच्छा होगी।

हालांकि, मंगल की दृष्टि सूर्य पर पड़ने से स्वभाव में गर्मी और गुस्सा बढ़ सकता है। छोटी बातों पर प्रतिक्रिया देने या दूसरों पर अपना फैसला थोपने से बचें। सूर्य की सातवीं दृष्टि आपके सातवें भाव वृषभ पर रहेगी, जिससे वैवाहिक जीवन और बिजनेस पार्टनरशिप में अहंकार की समस्या पैदा हो सकती है। पार्टनर की बात भी सुनें और काम के साथ आराम को महत्व दें। अपनी सेहत और दिनचर्या पर ध्यान देना इस गोचर का सबसे जरूरी संदेश है।

धनु राशि

धनु राशि वालों के लिए सूर्य बारहवें भाव में गोचर करेंगे। इस दौरान खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है और धन को लेकर कुछ दबाव महसूस हो सकता है। विदेश से जुड़े काम, लंबी दूरी की यात्रा या किसी दूर स्थान पर काम करने के अवसर मिल सकते हैं। नौकरी में पर्दे के पीछे रहकर किए जाने वाले काम बढ़ सकते हैं। जो लोग विदेशी कंपनियों या संस्थानों से जुड़े हैं, उन्हें नई जिम्मेदारी मिल सकती है।

हालांकि, यात्रा और अन्य जरूरतों पर खर्च भी बढ़ेगा। अनावश्यक खरीदारी और बिना योजना के निवेश से बचें। नींद और आराम के लिए समय निकालें। मंगल, गुरु और केतु आपके नौवें भाव में मौजूद हैं, जिससे उच्च शिक्षा, धार्मिक यात्रा, पिता और गुरु से जुड़े मामलों में सक्रियता बढ़ सकती है। किसी वरिष्ठ व्यक्ति के साथ विचारों का मतभेद होने पर धैर्य रखें। भाग्य के भरोसे बैठने के बजाय अपनी योजना और मेहनत पर भरोसा करें। यह अवधि विदेश, रिसर्च और आध्यात्मिक विषयों से जुड़े लोगों को कुछ उपयोगी अनुभव दे सकती है।

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए सूर्य का गोचर लाभ भाव यानी ग्यारहवें भाव में हो रहा है। यह स्थिति इस राशि के लिए काफी शुभ संकेत दे रही है। नौकरी में आपके काम की सराहना हो सकती है और वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क मजबूत हो सकते हैं। लंबे समय से रुका हुआ कोई भुगतान मिलने या आमदनी बढ़ाने का अवसर मिलने की संभावना बन सकती है। कारोबारियों के लिए नए क्लाइंट, बड़े संपर्क और पुराने प्रोजेक्ट से लाभ मिलने के संकेत हैं। किसी महत्वपूर्ण लक्ष्य को पूरा करने के लिए टीम और नेटवर्क का सहयोग मिल सकता है।

हालांकि सूर्य आपके लिए आठवें भाव के स्वामी भी हैं, इसलिए अचानक मिलने वाले धन या किसी बड़े आर्थिक प्रस्ताव को लेकर सावधानी रखें। टैक्स, बीमा, साझा धन और निवेश से जुड़े दस्तावेज ठीक से जांचें। इस गोचर के दौरान राहु के मकर राशि में प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू होगी। इससे महत्वाकांक्षा बढ़ सकती है और आप तेजी से आगे बढ़ने की कोशिश कर सकते हैं। शनि आपकी राशि के स्वामी हैं और 11 दिसंबर को मार्गी होंगे। ऐसे में महीने के अंतिम दिनों में रुके हुए प्रयासों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है। आमदनी और करियर के लिहाज से यह आपकी सबसे बेहतर अवधियों में से एक हो सकती है।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए सूर्य दसवें भाव में गोचर करेंगे। दसवां भाव कर्म, नौकरी, पद, प्रतिष्ठा और कार्यक्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है। सूर्य की इस स्थिति को गोचर में बेहद अनुकूल माना जाता है। नौकरी करने वालों को नई जिम्मेदारी, पद में बदलाव या नेतृत्व से जुड़ा अवसर मिल सकता है। लंबे समय से अपने काम की पहचान बनाने की कोशिश कर रहे लोगों को सफलता के संकेत मिल सकते हैं। सरकारी क्षेत्र, प्रशासन, प्रबंधन और अधिकारियों के साथ काम करने वालों के लिए यह समय खास रह सकता है।

कारोबारियों को अपने बिजनेस की रणनीति में बदलाव करके आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। हालांकि मंगल, गुरु और केतु आपके सातवें भाव में मौजूद हैं, इसलिए बिजनेस पार्टनरशिप और क्लाइंट के साथ तालमेल बनाए रखना जरूरी होगा। किसी बड़े निर्णय में अकेले आगे बढ़ने के बजाय पार्टनर की राय भी लें। महीने के अंतिम हिस्से में राहु के राशि परिवर्तन से निजी और आर्थिक प्राथमिकताओं में बदलाव आ सकता है। करियर में मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाएं, लेकिन अहंकार या जल्दबाजी में वरिष्ठ अधिकारियों से टकराव न बढ़ाएं।

मीन राशि

मीन राशि वालों के लिए सूर्य नौवें भाव में गोचर करेंगे। यह भाव भाग्य, धर्म, पिता, गुरु, उच्च शिक्षा और लंबी दूरी की यात्राओं से जुड़ा है। इस दौरान धार्मिक कार्यों और आध्यात्मिक विषयों में रुचि बढ़ सकती है। उच्च शिक्षा या किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे लोगों को अपनी योजना में सुधार करने का अवसर मिलेगा। विदेश यात्रा या दूर स्थान पर काम से जुड़ी कोई संभावना भी बन सकती है। हालांकि पिता, गुरु या वरिष्ठ व्यक्ति के साथ किसी विचार को लेकर मतभेद हो सकता है। अपनी बात रखते समय सम्मान और धैर्य बनाए रखें।

शनि आपकी राशि में वक्री हैं और 11 दिसंबर को मार्गी होंगे। इससे जिम्मेदारियों का दबाव कुछ समय तक बना रह सकता है, लेकिन पुराने कामों को व्यवस्थित करने और लंबित फैसलों पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मंगल और गुरु आपके छठे भाव में हैं, जिससे प्रतियोगिता और कार्यस्थल की चुनौतियों से निपटने का साहस मिलेगा। केतु की मौजूदगी के कारण कभी-कभी असमंजस भी हो सकता है। भाग्य के भरोसे रहने के बजाय मेहनत और अनुशासन पर ध्यान दें।

सूर्य के वृश्चिक राशि में गोचर से इन 4 राशियों को मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ?

यह गोचर में कुंभ राशि वालों को करियर में लाभ देगा सूर्य का आपके दसवें भाव में होना नौकरी, पद, प्रतिष्ठा और नेतृत्व से जुड़े मामलों में अवसर दे सकता है। जो लोग प्रमोशन, नई जिम्मेदारी या अपने काम की पहचान का इंतजार कर रहे हैं, वे इस अवधि में प्रयास तेज कर सकते हैं। मकर राशि के लिए सूर्य का ग्यारहवें भाव में गोचर आमदनी, लाभ और नेटवर्किंग के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। पुराने प्रयासों से आर्थिक फायदा मिलने और नए संपर्कों के जरिए आगे बढ़ने के अवसर बन सकते हैं। मिथुन राशि वालों को नौकरी, प्रतियोगिता और विरोधियों पर बढ़त मिल सकती है।

सरकारी नौकरी की तैयारी, इंटरव्यू और कार्यस्थल की चुनौतियों से जुड़े मामलों में यह गोचर मददगार रह सकता है। कन्या राशि वालों के लिए तीसरे भाव का सूर्य साहस, कम्युनिकेशन और नए प्रयासों को बल देगा। मीडिया, मार्केटिंग, लेखन और सेल्स से जुड़े लोगों को इसका विशेष फायदा मिल सकता है।

इस तरह करियर और पद के मामले में कुंभ, आर्थिक लाभ के मामले में मकर, प्रतियोगिता और नौकरी के मामले में मिथुन तथा नए प्रयासों और कम्युनिकेशन के मामले में कन्या राशि सबसे ज्यादा अनुकूल स्थिति में दिखाई देती है। बाकी राशियों के लिए भी यह गोचर नए अनुभव और बदलाव लेकर आ सकता है, लेकिन उन्हें अपने फैसलों में धैर्य और संतुलन बनाए रखना होगा।

सूर्य को मजबूत करने के लिए क्या करें उपाय

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार सूर्य के शुभ प्रभाव के लिए रोज सुबह स्नान के बाद तांबे के लोटे से सूर्यदेव को जल अर्पित करें। जल में लाल फूल या थोड़ा गुड़ डाल सकते हैं। रविवार के दिन आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें और जरूरतमंद व्यक्ति को गेहूं, गुड़ या लाल वस्त्र का दान करें। पिता, गुरु और वरिष्ठ लोगों का सम्मान करें। कार्यस्थल पर अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाएं और गुस्से में कोई फैसला न लें।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article