शहर

CBI का बड़ा एक्शन! 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते NCB के दो सब-इंस्पेक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार

CBI के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को इस मामले में शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज किया गया था। शिकायत दिल्ली जोनल यूनिट, NCB के एक सब-इंस्पेक्टर और जांच अधिकारी के खिलाफ थी।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : iStock

CBI ने रिश्वतखोरी के मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दो सब-इंस्पेक्टरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि NCB के एक सब-इंस्पेक्टर ने NDPS एक्ट के एक मामले में शिकायतकर्ता को झूठा फंसाने से बचाने के बदले 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में 25 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और 12 लाख रुपये की पहली किस्त लेते हुए CBI ने दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

CBI के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को इस मामले में शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज किया गया था। शिकायत दिल्ली जोनल यूनिट, NCB के एक सब-इंस्पेक्टर और जांच अधिकारी के खिलाफ थी। आरोप था कि अधिकारी ने NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) एक्ट के एक मामले में शिकायतकर्ता को झूठा आरोपी बनाने से बचाने के लिए 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

CBI की ओर से की गई शुरुआती जांच और सत्यापन में सामने आया कि आरोपी अधिकारी 25 लाख रुपये लेने पर सहमत हो गया था। इसमें से 12 लाख रुपये बतौर पहली किस्त देने की बात तय हुई थी।

CBI ने जाल बिछाकर दोनों को पकड़ा

CBI ने 14 नवंबर को जाल बिछाया और आरोपी NCB सब-इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता से 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए पकड़ लिया। यह रकम एक अन्य NCB सब-इंस्पेक्टर के जरिए ली जा रही थी। CBI ने रिश्वत के लेनदेन में शामिल दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है-

अजीत सिंह मीणा-सब-इंस्पेक्टर और जांच अधिकारी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, दिल्ली जोनल यूनिट, आरके पुरम, नई दिल्ली।

सुमीत कुमार- सब-इंस्पेक्टर, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो।

दो दिन की पुलिस रिमांड पर दोनों आरोपी

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को सक्षम अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ और मामले की जांच के लिए दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। CBI मामले में आगे की जांच कर रही है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article