अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को एशिया की यात्रा पर रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं। इस दौरे के दौरान उनका मुख्य ध्यान आर्थिक समझौतों और रूस तथा चीन के साथ होने वाली ऐतिहासिक त्रिपक्षीय परमाणु वार्ता पर रहेगा। वहीं, उनका प्रशासन वाशिंगटन में बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने में जुटा है।
ट्रंप ने कहा है कि चीन में रहने के दौरान वह उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन से मुलाकात कर सकते हैं। अमेरिका उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके साथ फिर से बातचीत शुरू करने की कोशिश कर रहा है।
शी जिनपिंग और पुतिन के साथ होगी अहम बैठक
ट्रंप ने कहा कि चीन में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली बहुप्रतीक्षित बैठक में वह यूक्रेन में रूस के युद्ध का मुद्दा उठाएंगे। एशिया यात्रा पर रवाना होने से पहले सोमवार सुबह व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "हम मेरे पसंदीदा विषय, यूक्रेन के बारे में बात करेंगे। यूक्रेन, यूक्रेन को ही खो रहा है।"
उन्होंने दावा किया, "रूस हर महीने 25,000 सैनिक खो रहा है। इसलिए हम इस बारे में बात करेंगे।"
हालांकि, ट्रंप का यह बयान उनके प्रशासन के अधिकारियों की पिछली जानकारी से अलग है। शुक्रवार को अमेरिकी अधिकारियों ने पत्रकारों को बताया था कि ट्रंप अपने चीनी और रूसी समकक्षों के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण और ईरान युद्ध पर चर्चा करेंगे, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध का मुद्दा बातचीत से दूर रहेगा।
परमाणु जखीरे और ईरान पर भी होगी चर्चा
एशिया यात्रा के अंत में ट्रंप चीन में शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के साथ पहली बार त्रिपक्षीय बातचीत करेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा तीनों देशों के परमाणु जखीरे पर चर्चा करना होगा।
इसके अलावा, ईरान के साथ अमेरिका के संघर्ष पर भी बातचीत होने की उम्मीद है। ईरान को अक्सर चीन और रूस का सहयोगी माना जाता रहा है।
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोमवार को कहा कि यह त्रिपक्षीय वार्ता बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि चीन का उद्देश्य विश्व शांति की रक्षा करने और स्थिरता को बढ़ावा देने के मुद्दे पर गहन चर्चा करना है। बीजिंग में नियमित प्रेस वार्ता के दौरान माओ निंग ने कहा, "मौजूदा हालात में वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने की अहम जिम्मेदारी इन तीनों देशों पर है।"
मनीला से शुरू होगा ट्रंप का एशिया दौरा
ट्रंप की एशिया यात्रा की शुरुआत फिलीपीन की राजधानी मनीला से होगी। यहां वह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस क्षेत्र के देश बीजिंग की बढ़ती आक्रामकता का मुकाबला करने के लिए अमेरिका से सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं।
व्हाइट हाउस के मुताबिक, मनीला प्रवास के दौरान ट्रंप की थाईलैंड के साथ व्यापार समझौता करने की योजना है। इसके बाद वह एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन के शेंजेन जाएंगे। इसी दौरान शी चिनफिंग और पुतिन के साथ उनकी अहम बैठक प्रस्तावित है।
घरेलू चुनौतियों के बीच विदेश दौरे पर ट्रंप
ट्रंप की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका में उनका प्रशासन कई घरेलू चुनौतियों का सामना कर रहा है। इनमें हवाई यात्रा से जुड़ी समस्याएं और नवंबर में हुए मध्यावधि चुनावों के नतीजे शामिल हैं। मध्यावधि चुनावों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस के दोनों सदनों में हार गई थी। ऐसे में एशिया का यह दौरा उनके लिए घरेलू राजनीतिक चुनौतियों से इतर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और आर्थिक समझौतों पर ध्यान केंद्रित करने का मौका भी है।
