टेक एंड गैजेट्स

eSIM Fraud Alert:OTP चुराकर लोगों के अकाउंट खाली कर रहे स्कैमर्स, सरकार ने किया अलर्ट

देशभर में बढ़ते साइबर फ्रॉड के बीच अब eSIM धोखाधड़ी ने चिंता बढ़ा दी है। I4C ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ठग नकली eSIM लिंक भेजकर लोगों का नंबर हाइजैक कर रहे हैं और बैंक से भेजे जाने वाले OTP का दुरुपयोग करके खातों से लाखों रुपये उड़ा रहे हैं।

Image

I4C ने देशभर के मोबाइल यूजर्स को एक नए eSIM फ्रॉड को लेकर अलर्ट किया है। (Image-iStock)

eSIM Mobile Fraud Alert: भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाला Indian Cybercrime Coordination Centre (I4C) ने देशभर के मोबाइल यूजर्स को एक नए eSIM फ्रॉड को लेकर अलर्ट किया है। साइबर ठग अब eSIM एक्टिवेशन लिंक के जरिए लोगों का मोबाइल नंबर हाइजैक कर रहे हैं और OTP का इस्तेमाल कर बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा रहे हैं।

कैसे हो रहा है eSIM फ्रॉड?

I4C के मुताबिक, ठग सबसे पहले पीड़ित को कॉल करते हैं और एक eSIM एक्टिवेशन लिंक भेजते हैं। जैसे ही व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, उसकी फिजिकल सिम अपने-आप eSIM में बदल जाती है। इसके बाद मोबाइल पर नेटवर्क आना बंद हो जाता है और सारे कॉल व OTP सीधे ठगों के पास पहुंचने लगते हैं। इसी तरीके से एक मामले में करीब 4 लाख रुपये का फ्रॉड किया गया।

OTP हाइजैक कर खाली हो रहा बैंक अकाउंट

eSIM में नंबर शिफ्ट होते ही ठग बैंक ट्रांजैक्शन रिक्वेस्ट भेजते हैं। बैंक द्वारा भेजा गया OTP अब सीधे फ्रॉडस्टर्स के पास पहुंच जाता है। पीड़ित को इस दौरान कुछ भी पता नहीं चलता क्योंकि उसके मोबाइल पर नेटवर्क ही नहीं आता। इस तरह आसानी से उसके अकाउंट से पैसे निकाल लिए जाते हैं।

I4C ने बताए 3 सेफ्टी टिप्स

एजेंसी ने कहा है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें। eSIM कन्वर्जन हमेशा खुद आधिकारिक चैनल से करें। अगर अचानक मोबाइल पर नेटवर्क आना बंद हो जाए, तो तुरंत बैंक और टेलीकॉम कंपनी को जानकारी दें। वहीं, हाल ही में DoT के Financial Fraud Risk Indicator (FRI) ने 3 से 4 लाख सिम कार्ड ब्लैकलिस्ट किए हैं जो धोखाधड़ी में शामिल थे।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article