शहर

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर ताबड़तोड़ एक्शन, अब तक 48 लाख से ज्यादा कटे चालान; 2100 लोगों पर FIR दर्ज

Delhi Traffic Challan: दिल्ली यातायात पुलिस ने इस साल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए रिकॉर्ड 48.42 लाख चालान जारी किए हैं, जो पिछले साल के मुकाबले ज्यादा हैं। इसके साथ ही लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों पर 2100 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं।

Image

दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Delhi Traffic Challan: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दिल्ली यातायात पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस (Delhi police) द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक वाहन चालकों के खिलाफ 48.42 लाख से अधिक चालान जारी किए जा चुके हैं। यह संख्या पिछले साल की इसी अवधि में काटे गए 47.52 लाख चालान से भी कहीं अधिक है। इसके अलावा, सड़कों पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाते हुए 2,100 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं।

दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि तकनीक के इस्तेमाल से नियम तोड़ने वालों को पकड़ना अब और आसान हो गया है। कुल चालानों में से करीब 17.21 लाख चालान आधुनिक 'रेड-लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन' और 'ओवर स्पीड वॉयलेशन डिटेक्शन' कैमरों के जरिए ऑटोमैटिक तरीके से काटे गए हैं। यानी लाल बत्ती पार करने और तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने वाले सीधे कैमरों की नजर में आ रहे हैं।

लाखों लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति किया गया जागरूक

ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने आम जनता को भी साथ जोड़ा है। इसी साल 3 अप्रैल को शुरू किए गए 'संगम' प्रोजेक्ट के तहत अब तक आम लोगों और हितधारकों के साथ 309 बैठकें की जा चुकी हैं। इस दौरान पुलिस को ट्रैफिक सुधार के लिए 514 सुझाव मिले, जिनमें से 368 को लागू भी कर दिया गया है। इसके साथ ही, रोड सेफ्टी सेल ने जागरूकता अभियानों के जरिए इस साल के पहले छह महीनों में 2.84 लाख से ज्यादा स्कूली बच्चों और 15 लाख से अधिक आम नागरिकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया है।

ड्यूटी निभाते हुए ट्रैफिक पुलिस के 14 जवान घायल

मौसम को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मानसून से पहले जलभराव के प्रति संवेदनशील 169 जगहों की सूची नगर निगम और संबंधित एजेंसियों के साथ साझा की है। सड़कों पर जलभराव या पेड़ गिरने जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए छह विशेष आपदा प्रबंधन वाहन तैनात किए गए हैं, जो आधुनिक पंपों और कटर मशीनों से लैस हैं। हालांकि, इस मुस्तैदी के बीच पुलिस को भारी नुकसान भी उठाना पड़ा है। जनवरी से जून के बीच अपनी ड्यूटी निभाते हुए ट्रैफिक पुलिस के 14 जवान घायल हुए हैं, जबकि एक बहादुर कर्मी ने अपनी जान गंवाई है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article