टेक एंड गैजेट्स

53% लोगों को सिर्फ इस वजह से खरीदना पड़ता है नया स्मार्टफोन, स्टडी में हुआ बड़ा खुलासा

अगर आपके स्मार्टफोन की स्क्रीन या कवर ग्लास टूट गया है और आप नया फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। एक स्टडी में यह खुलासा हुआ है अधिकांश लोग सिर्फ डिस्प्ले टूटने की वजह से नया स्मार्टफोन खरीदते हैं।

Image

ज्यादातर लोग सिर्फ डिस्प्ले टूटने की वजह से ही स्मार्टफोन खरीदते हैं।(फोटो क्रेडिट-iStock)

स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। डेली रूटीन के कई सारे काम हम स्मार्टफोन्स से ही करते हैं। स्मार्टफोन का डिस्प्ले सबसे महंगा पार्ट होता है। अगर डिस्प्ले खराब हो जाए या फिर टूट जाए तो अच्छा खासा पैसा खर्च करना पड़ता है। अब स्मार्टफोन की डिस्प्ले टूटने को लेकर बड़ी बात सामने आई है।

अगर आपके स्मार्टफोन की स्क्रीन या कवर ग्लास टूट गया है और आप नया फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। डिस्प्ले टेक्नोलॉजी कंपनी कॉर्निंग की एक नई स्टडी के मुताबिक, 53 प्रतिशत लोगों ने माना कि स्क्रीन टूटने की वजह से उन्हें तय समय से पहले नया स्मार्टफोन खरीदना पड़ा।

1,500 से ज्यादा लोगों पर हुआ सर्वे

कॉर्निंग ने भारत के अलग-अलग हिस्सों में 1,500 से ज्यादा स्मार्टफोन यूजर्स पर इसको लेकर सर्वे किया। रिपोर्ट में सामने आया कि फोन का ग्लास टूटने की समस्या लोगों को जल्दी नया फोन खरीदने के लिए मजबूर कर रही है। इससे साफ है कि अब ग्राहक मजबूत और टिकाऊ स्मार्टफोन को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, 87 प्रतिशत लोगों का स्मार्टफोन पिछले एक साल में कम से कम एक बार गिरा। इनमें से 56 प्रतिशत यूज़र्स ने कहा कि उन्हें हमेशा इस बात की चिंता रहती है कि कहीं फोन गिरने पर स्क्रीन टूट न जाए।

स्क्रीन टूटने पर बढ़ जाता है खर्च

स्टडी में बताया गया कि फोन गिरने के बाद हर पांच में से एक यूज़र के फोन को प्रोफेशनल रिपेयर या रिप्लेसमेंट की जरूरत पड़ी। वहीं, लगभग आधे लोगों ने स्क्रीन ठीक कराने में 2,000 रुपये से ज्यादा खर्च किए। कई यूज़र्स ने यह भी कहा कि स्क्रीन टूटने से उन्हें तनाव और परेशानी का सामना करना पड़ा।

मजबूती अब जरूरी फीचर बन रहा है

कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास के वाइस प्रेसिडेंट और जनरल मैनेजर एंड्रयू बेक ने कहा कि आज स्मार्टफोन लोगों के काम, पढ़ाई, बातचीत और मनोरंजन का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में फोन की मजबूती (ड्यूरेबिलिटी) अब सिर्फ एक अतिरिक्त फीचर नहीं, बल्कि पूरे स्मार्टफोन अनुभव का जरूरी हिस्सा बन गई है।

खरीदारी में ड्यूरेबिलिटी का बढ़ा महत्व

रिपोर्ट के मुताबिक, 61 प्रतिशत भारतीय ग्राहकों ने कहा कि फोन की मजबूती के दावे उनके खरीदारी के फैसले को प्रभावित करते हैं। 52% लोगों ने बेहतर ड्रॉप प्रोटेक्शन को सबसे जरूरी माना। 48% लोगों ने स्क्रैच रेजिस्टेंस को अहम बताया। 52% लोगों ने फोन के आगे और पीछे दोनों तरफ मजबूत ग्लास की जरूरत बताई। स्टडी में यह भी सामने आया कि 66 प्रतिशत भारतीय ग्राहक कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास के बारे में जानते हैं। वहीं, 64 प्रतिशत लोगों ने कहा कि अगर किसी स्मार्टफोन में गोरिल्ला ग्लास हो, तो वे उसे खरीदने पर ज्यादा विचार करेंगे।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारी author

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से ... और देखें

End of Article