टेक एंड गैजेट्स

AI स्टार्टअप का कमाल, लॉन्च किया सपनों को कंट्रोल करने वाला गैजेट, इतनी है कीमत

AI और न्यूरोटेक्नोलॉजी के इस नए प्रयोग ने टेक दुनिया में उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है, हालांकि यह देखना बाकी है कि क्या यह डिवाइस वास्तव में सपनों को नियंत्रित करने में सफल हो पाता है या नहीं।

Image

AI स्टार्टअप का कमाल, लॉन्च किया सपनों को कंट्रोल करने वाला गैजेट, इतनी है कीमत

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जहां अब तक कोडिंग, राइटिंग और ऑटोमेशन जैसे कामों में इस्तेमाल हो रहा था, वहीं अब एक स्टार्टअप ने दावा किया है कि AI के जरिए इंसान अपने सपनों को भी कंट्रोल कर सकता है। Prophetic AI नाम की कंपनी ने दो नए वेयरेबल डिवाइस लॉन्च किए हैं, जो कथित तौर पर यूजर्स को अपने सपनों पर नियंत्रण देने में मदद करते हैं। इन डिवाइसेस की शुरुआती कीमत करीब 449 डॉलर (लगभग 42,000 रुपये) रखी गई है।

कैसे काम करता है यह डिवाइस?

Prophetic AI के मुताबिक, उनके “Dual” और “Phase” नाम के डिवाइस सिर पर पहनने वाले बैंड की तरह होते हैं। ये डिवाइस अल्ट्रासोनिक एनर्जी के जरिए दिमाग के प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स को एक्टिव करने का काम करते हैं। आमतौर पर सपने देखते समय यह हिस्सा कम सक्रिय होता है, जिससे हमें यह अहसास नहीं होता कि हम सपना देख रहे हैं।

कंपनी का दावा है कि इन डिवाइसेस के जरिए इस हिस्से को सक्रिय कर “Lucid Dreaming” यानी सचेत सपनों की स्थिति पैदा की जा सकती है, जिसमें व्यक्ति को यह पता होता है कि वह सपना देख रहा है और वह उसे कुछ हद तक नियंत्रित भी कर सकता है।

EEG और AI का इस्तेमाल

इन डिवाइसेस में EEG (इलेक्ट्रोएन्सेफैलोग्राम) सेंसर भी लगे होते हैं, जो दिमाग की गतिविधियों को मॉनिटर करते हैं। इसी तरह की तकनीक का इस्तेमाल Neuralink भी अपने ब्रेन-इम्प्लांट प्रोजेक्ट में कर रही है। Prophetic AI का कहना है कि यह डिवाइस AI और tFUS (Transcranial Focused Ultrasound) तकनीक का इस्तेमाल कर REM स्लीप के दौरान दिमाग को टारगेट करता है, जिससे सपनों को ज्यादा स्पष्ट और नियंत्रित बनाया जा सकता है।

क्या यह दावा सच है?

हालांकि कंपनी ने बड़े दावे किए हैं, लेकिन अभी तक इस तकनीक को लेकर कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण सामने नहीं आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि lucid dreaming पर रिसर्च जारी है, लेकिन इस तरह के डिवाइस के जरिए सपनों को पूरी तरह कंट्रोल करना अभी साबित नहीं हुआ है।

कीमत और उपलब्धता

Prophetic AI का “Dual” डिवाइस 449 डॉलर (करीब 43,000 रुपये) में उपलब्ध होगा और इसकी शिपिंग इस साल के अंत तक शुरू हो सकती है। वहीं “Phase” मॉडल की कीमत 1,299 डॉलर (लगभग 1.22 लाख रुपये) रखी गई है, जिसकी डिलीवरी 2027 के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article