क्रिकेट

SA vs AUS 3rd Test: रेयान रिकल्टन और वियाम मुल्डर के शतकों ने कराई दक्षिण अफ्रीका की वापसी, ऑस्ट्रेलिया को मिला सीरीज जीत के लिए 288 रन का लक्ष्य

दक्षिण अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच के चौथे दिन रेयान रिकल्टन और वियान मुल्डर की शतकीय पारियों की बदौलत वापसी करने में सफल रही। मैच और सीरीज जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया को 288 रन का लक्ष्य मिला है।

Image

रेयान रिकल्टन और वियान मुल्डर (फोटो क्रेडिट @ProteasMenCSA X)

केपटाउन: मेजबान दक्षिण अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच के चौथे दिन रेयान रिकल्टन और वियान मुल्डर की शतकीय पारियों की बदौलत वापसी करने में सफल रहा। दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरी पारी में 387 रन बनाकर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 288 रन का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका को इस स्थिति तक पहुंचाने में रिकल्टन और मुल्डर की भूमिका अहम रही। रिकल्टन ने 101 और मुल्डर ने 115 रन की पारी खेली। चौथे दिन की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के पास केवल 40 रनों की बढ़त थी और उनके चार विकेट गिर चुके थे।रिकलटन और मुल्डर की शानदार पारियों की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने 287 रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रहा।

रिकल्टन और मुल्डर ने मुश्किल से उबारा

दक्षिण अफ्रीका ने चौथे दिन के खेल की शुरुआत 4 विकेट पर 140 रन के साथ की। मैथ्यू ब्रीट्जके(19*) और रेयान रिकल्टन (8*) ने पारी को आगे बढ़ाया। 181 के स्कोर पर ब्रीट्जके 43(121) रन बनाकर पवेलियन लौट गए और रिकल्टन का साथ देने वियान मुल्डर आए। दोनों ने इसके बाद छठे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। रिकल्टन ने 218 गेंद में अपना शतक 12 चौके की मदद से पूरा किया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 150 रन की साझदारी करके टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। 335 के स्कोर पर रिकल्टन 101 रन बनाकर रन आउट हो गए। रिकल्टन और मुल्डर ने लगभग 54 ओवर तक एक साथ बल्लेबाजी की और छठे विकेट के लिए 154 रन जोड़े। उनकी इस साझेदारी ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को इतना परेशान किया कि उन्हें पूरे दिन में 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल करना पड़ा।

मुल्डर ने जड़ा शानदार शतक

रिकल्टन के बाद एक छोर मुल्डर संभाले रहे और दूसरे छोर पर विकेटों की झड़ी लग गई। देखते देखते मार्को यानसेन(0), साइमन हार्मर (1) और गेराल्ड कोएत्जी(1) पवेलियन लौट गए। 16 रनों के भीतर चार विकेट गिर गए। ऐसे में दसवें विकेट के लिए मुल्डर और रबाडा के बीच 36 रन की साझेदारी हुई। इसी दौरान मुल्डर ने अपना शतक 204 गेंद में 10 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। कमिंस ने उन्हें पवेलियन वापस भेजा। मुल्डर दक्षिण अफ्रीका के आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। उन्होंने 115 रन बनाए। रबाडा 2 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरी पारी में 387 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट मिचेल स्टार्क ने लिए। 2-2 सफलता पैट कमिंस और नाथन लॉयन को मिली। एक विकेट जोश हेजलवुड की झोली में गया।

ऑस्ट्रेलिया को बनाने हैं सीरीज जीत के लिए 288 रन

मैच के पांचवें और आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया को सीरीज 2-1 के अंतर से जीतने के लिए 288 रन का लक्ष्य मिला है। केपटाउन के न्यूलैंड्स में चौथी पारी में सबसे बड़े सफल रन-चेज का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है दर्ज है। साल 2002 में उन्होंने 331 रन बनाकर जीत हासिल की थी।

दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा है भारी

पांचवें दिन पिच पर स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलने की उम्मीद है, इसका फायदा मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका उठा सकता है। दक्षिण अफ्रीका के पास फॉर्म में चल रहे ऑफ-स्पिनर साइमन हार्मर हैं जो पूरी तरह तरोताजा हैं और अकेले दम पर मैच का रुख बदलने का माद्दा रखते हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article