स्पोर्ट्स

CWG 2026: लवप्रीत सिंह ने वेटलिफ्टिंग में भारत को दिलाया एक और सिल्वर मेडल, आखिरी प्रयास में गोल्ड से चूके

भारत के लवप्रीत सिंह ने गुरुवार रात वेटलिफ्टिंग में पुरुषों के 110 किलो भारवर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। आखिरी मौके पर लवप्रीत गोल्ड मेडल अपने नाम करने से चूक गए। एंड्रर्यू लिटी ने लवप्रीत का गोल्ड जीतने का सपना अप्रत्याशित प्रदर्शन करके तोड़ दिया।

Image

लवप्रीत सिंह

Photo : AP

ग्लास्गो: भारतीय वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह पुरुषों के 110 किलो भारवर्ग में गोल्ड मेडल हासिल करने से चूक गए। उन्हें गुरुवार को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। लवप्रीत ने स्नैच राउंड में 176 किलो वजन उठाकर नया राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में 212 किलो वजन उठाकर दूसरे पायदान पर रहे। न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रर्यू लिटी स्नैच राउंड में 166 किलो भार उठाकर दूसरे स्थान पर थे। लेकिन क्वीन एंड जर्क राउंड में उन्होंने दूसरे प्रयास में अप्रत्याशित तरीके से 223 किलो भार उठाकर लवप्रीत के हाथ से गोल्ड मेडल छीन लिया। स्नैच राउंड में 166 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 223 किलो सहित कुल 389 किलोग्राम भार उठाकर लिटी पहले स्थान पर रहे। वहीं लवप्रीत सिंह 288 किलो भार उठाकर दूसरे स्थान पर रहे। अपने आखिरी प्रयास में लवप्रीत ने 217 किलो भार उठाकर गोल्ड जीतने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे। स्पर्धा का कांस्य पदक इंग्लैंड एंड्रर्यू ग्रिफिट्स के खाते में गया। उन्होंने कुल 356 किलो (165 स्नैच, 191 क्लीन एंड जर्क) वजन उठाया। साल 2022 में बर्मिंघम में कांस्य पदक जीतने वाले लवप्रीत पदक का रंग चार साल बाद बदलने में सफल रहे।

स्नैच राउंड में हासिल की 10 किलो की बढ़त

लवप्रीत सिंह ने स्नैच राउंड की शुरुआत शानदार अंदाज में की और पहले प्रयास में ही 168 किग्रा भार उठाकर बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने 173 और तीसरे में 176 किलो वजन उठाकर अपने नाम राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड कर लिया और स्नैच राउंड का अंत पहले स्थान पर रहते हुए किया। वहीं डेविड लिटी पहले दो प्रयास में 156 और 166 किलो भार उठा सके। 176 किलो भार उठाने का उनका तीसरा प्रयास नाकाम रहा। स्नैच राउंड में ही लवप्रीत ने 10 किलो की बढ़त बना ली थी।

आखिरी प्रयास में गोल्ड से चूके

क्लीन एंड जर्क राउंड की शुरुआत लिटी ने 207 किलो भार उठाकर की। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में अप्रत्याशित तौर पर 223 किलो भार उठाकर पहले पायदान पर कब्जा कर लिया। ये क्वीन एंड जर्क में इस भारवर्ग का नया राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड है। उन्हें तीसरा प्रयास करने की जरूरत नहीं पड़ी। वहीं लवप्रीत ने क्लीन एंड जर्क राउंड की शुरुआत 205 किलो के साथ की और सफल रहे। पहले प्रयास के बाद वो पहले पायदान पर थे। लेकिन दूसरे प्रयास में 212 किलो वजन उठाकर वो दूसरे स्थान पर पहुंच गए। अंतिम प्रयास में उन्होंने गोल्ड और सिल्वर के बीच आ रहे एक किलो के अंतर को 217 किलो भार उठाकर पाटने और गोल्ड मेडल पर कब्जा करने की कोशिश की लेकिन ऐसा करने में वो नाकाम रहे।

अंक तालिका में नौवें पायदान पर खिसका

लवप्रीस सिंह के रजत पदक के साथ भारत पदक तालिका में 16 मेडल के साथ नौवें पायदान पर काबिज हो गया है। भारत के खाते में 3 गोल्ड, 10 रजत और तीन कांस्य पदक हैं। वेटलिफ्टिंग में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल्ड, 6 सिल्वर और एक ब्रॉन्ज सहित कुल 8 पदक अपने नाम किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article