स्पोर्ट्स

Hong Kong Open 2026: सेमीफाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग की जोड़ी

भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने भी सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Image

सात्विक चिराग और लक्ष्य सेन

कोवलून (हांगकांग): भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को तीन गेम में हराकर हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया लेकिन किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए। बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में अपनी जगह पहले ही पक्की कर चुके अल्मोड़ा के 25 वर्षीय खिलाड़ी लक्ष्य ने क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त लोह को 21-17, 10-21, 21-13 से हराया।

एंडर्स एंटोनसेन और झू ज़ुआन चेन के मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे

हाल में हाइलो ओपन और कुमामोतो मास्टर्स जापान का खिताब जीतने वाले लक्ष्य सेमीफाइनल में एंडर्स एंटोनसेन और चीन के तीसरी वरीयता प्राप्त झू ज़ुआन चेन के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच के विजेता से भिड़ेंगे। श्रीकांत को थाईलैंड के दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसर्ण से 17-21, 7-21 से हार का सामना करना पड़ा।

सात्विक और चिराग ने किया शानदार प्रदर्शन

इससे पहले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर पुरुष युगल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम आसानी से जीत लिया, लेकिन दूसरे गेम में वे अपनी लय खो बैठे। उन्होंने हालांकि बाद में वापसी करते हुए 59 मिनट में 21-12, 13-21, 21-16 से जीत हासिल की। सात्विक और चिराग फाइनल में जगह बनाने के लिए डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड या मलेशिया के मैन वेई चोंग और टी काई वुन में से किसी एक का सामना करेंगे।

रक्षिता रामराज का अभियान हुआ समाप्त

महिला एकल में रक्षिता रामराज का शानदार सफर क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड की पांचवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग से 19-21, 16-21 से हार के साथ समाप्त हो गया। रक्षिता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फी को 21-18, 24-22 से हराकर उलटफेर किया था। उन्होंने पहले दौर में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ड को हराया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article