शहर

मेटा पर हिंदू संगठनों के साथ भेदभाव का आरोप, वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के वीडियो हटाने पर बढ़ा विवाद

देवेंद्र फडणवीस के वीडियो दो बार हटाने के बाद अब हिंदू युवाओं को आमंत्रित करने वाला वीडियो भी डिलीट करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद आयोजकों ने मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस और केंद्र सरकार तक शिकायत ले जाने की चेतावनी दी।

Image

मेटा पर हिंदू संगठनों के साथ भेदभाव का आरोप।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की कंटेंट मॉडरेशन नीति को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टाग्राम पर वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 के प्रचार से जुड़े वीडियो बार-बार हटाने का आरोप लगा है। आयोजन समिति ने इसे हिंदू संगठनों के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया बताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की है।

आयोजन समिति का आरोप है कि पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से विश्वभर के हिंदुओं को सम्मेलन में शामिल होने की अपील करने वाला वीडियो दो बार हटाया गया था। शिकायत और संबंधित अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद वीडियो बहाल किया गया, लेकिन मेटा की ओर से इसे हटाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। अब 17 नवंबर को एक बार फिर सम्मेलन के प्रचार से जुड़ा वीडियो इंस्टाग्राम से हटा दिया गया है। इस वीडियो में पिछले वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस में शामिल हो चुके एक युवा प्रतिभागी ने अपने अनुभव साझा करते हुए दुनिया भर के हिंदू युवाओं से मुंबई में होने वाले सम्मेलन में शामिल होने की अपील की थी।

मुख्यमंत्री फडणवीस को सौंपा ज्ञापन

इस पूरे मामले को लेकर वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 की आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और उन्हें औपचारिक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मुंबई में मेटा के प्रतिनिधियों को तलब कर वीडियो हटाने के पीछे का कारण पूछा जाए। साथ ही, यह भी जांच की जाए कि क्या मेटा की कंटेंट मॉडरेशन नीति सभी धार्मिक और वैचारिक संगठनों पर समान रूप से लागू की जा रही है। समिति ने मामले में उचित पुलिस शिकायत दर्ज कराने और यदि किसी कानून के उल्लंघन के तथ्य सामने आते हैं तो जांच शुरू करने की भी मांग की है।

'मेटा की मंशा पर सवाल, बार-बार गलती नहीं हो सकती'– स्वदेश खेतावत

आयोजन समिति के सचिव स्वदेश खेतावत ने मेटा की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह से वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रचार वीडियो लगातार हटाए जा रहे हैं, उससे मेटा की सोच और उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उनका आरोप है कि मेटा हिंदू संगठनों से जुड़ी सामग्री के प्रति भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहा है।

खेतावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई ऐसे आपत्तिजनक वीडियो मौजूद रहे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री और देश के अन्य नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा और गाली-गलौज का इस्तेमाल किया गया। उनके मुताबिक, ऐसे वीडियो को लेकर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जबकि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के प्रचार वीडियो बिना किसी आपत्तिजनक भाषा या सामग्री के हटा दिए जा रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दुनिया भर के हिंदुओं का एक मंच पर एकत्रित होना गलत है? क्या हिंदू युवाओं को किसी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण देना आपत्तिजनक है? यदि वीडियो में किसी तरह की आपत्तिजनक सामग्री नहीं है, तो उसे हटाने का आधार क्या है?

खेतावत ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के वीडियो को हटाए जाने के बाद शिकायत की गई थी, जिसके बाद उसे बहाल कर दिया गया। लेकिन अब एक युवा प्रतिभागी का वीडियो भी हटा दिया गया है। यह बार-बार होने वाली कार्रवाई महज तकनीकी गलती नहीं हो सकती। संगठन इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है और अब इसे मुंबई पुलिस आयुक्त, दिल्ली पुलिस आयुक्त, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री तथा केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालय तक ले जाएगा। इसके लिए आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं भी पूरी की जाएंगी।

60 से अधिक देशों के 4 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद

गौरतलब है कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। यह सम्मेलन तीन दिवसीय होगा, जिसमें 60 से अधिक देशों के 4 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि, साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, शिक्षाविद, युवा प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।

आयोजकों के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की थीम 'समानं व्रतं सह चित्तम् – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प' रखी गई है। इसमें हिंदू समाज, शिक्षा, अर्थव्यवस्था, मीडिया, महिला नेतृत्व, युवा शक्ति और वैश्विक स्तर पर हिंदू संगठनों के बीच सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इससे पहले वर्ष 2014 में दिल्ली, 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन किया जा चुका है। इस बार मुंबई को इसकी मेजबानी मिली है।

आयोजन समिति का कहना है कि आज किसी भी अंतरराष्ट्रीय आयोजन की जानकारी देश-दुनिया तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में यदि सम्मेलन से जुड़े प्रचार वीडियो ही बार-बार हटा दिए जाएंगे तो दुनिया भर के संभावित प्रतिभागियों तक कार्यक्रम की जानकारी कैसे पहुंचेगी? समिति ने मेटा से स्पष्ट जवाब, कार्रवाई में पारदर्शिता और सभी संगठनों के लिए समान नियम लागू करने की मांग की है।

फिलहाल इस विवाद में मेटा की ओर से वीडियो हटाने के ताजा मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। आयोजकों के भेदभाव और हिंदू-विरोधी रवैये के आरोपों की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर हैं कि मेटा इस कार्रवाई के पीछे क्या कारण बताता है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article