नई दिल्ली: मोहम्मद सिराज को भारतीय टीम से बाहर रखने को लेकर चल रहे विवाद के बीच महान क्रिकेटर कपिल देव ने शुक्रवार को इस तेज गेंदबाज का बचाव करते हुए कहा कि निजी तौर पर उन्हें सिराज पसंद है लेकिन यह भी कहा कि उनकी राय मायने नहीं रखती क्योंकि टीम चयन चयनकर्ताओं , कप्तान और टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
कपिल ने फिक्की द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा,'मैं उसे पसंद करता हूं । लेकिन मेरी राय मायने नहीं रखती । चयनकर्ताओं, कप्तान, टीम प्रबंधन को टीम चुननी है । बीसीसीआई की क्या योजना है, यह मायने रखता है।' विश्व कप 1983 के विजेता कप्तान ने कहा,'इस बारे में चयनकर्ताओं से पूछा जाना चाहिये । मैं कोई नहीं हूं और मेरे जैसे लोगों को टिप्पणी भी नहीं करनी चाहिये । जिन लोगों पर चयन की जिम्मेदारी है, उन्हें जवाब देना चाहिये । वे अपना काम बखूबी कर रहे हैं और सभी को खुश नहीं रखा जा सकता।'
कपिल ने कोच गौतम गंभीर के प्रदर्शन पर भी टिप्पणी से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा,'हर किसी की राय अलग हो सकती है तो ऐसा करने का कोई फायदा नहीं है । आप एक व्यवस्था की आलोचना नहीं कर सकते । भारतीय क्रिकेट अच्छा कर रहा है और यही मायने रखता है।'
(भाषा)
