इंदौर: दिग्गज क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने एक और विश्व खिताब जीतने की अपनी कोशिश जारी रखते हुए शुक्रवार को हमवतन दिग्विजय कादियान को 4-2 से हराकर आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई।आडवाणी सेमीफाइनल में ईरान के अली घरहागोजलू से भिड़ेंगे जिन्होंने क्वार्टर फाइनल में भारत के ध्वज हरिया को हराया। दूसरा सेमीफाइनल हांगकांग चीन के दो खिलाड़ियों लैंगयी रयान ली और टैम युन फुंग के बीच खेला जाएगा। इससे पहले बृजेश दामानी को रयान ली के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा।
अनुपमा रामचंद्रन ने दी कीर्तना पांडियन को मात
वहीं गत चैंपियन अनुपमा रामचंद्रन ने क्वार्टर फाइनल में हमवतन कीर्तना पांडियन को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अनुपमा अंतिम चार में टेसा डेविडसन से भिड़ेंगी जिन्होंने फिलीपींस की खिलाड़ी कारमिल बुहाट को 3-0 से हराया। लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारत की अमी कामानी अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं और उन्हें हांगकांग चीन की शिउ विंग मैन के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।
9 साल से नहीं जीता है आडवाणी ने विश्व खिताब
पंकज आडवाणी अबतक कुल 3 आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप खिताब अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने 2003, 2015 और 2017 में खिताबी जीत हासिल की थी। 9 साल से वो खिताब अपने नाम नहीं कर सके हैं। ऐसे में उनके पास खिताबी सूखे को खत्म करने का शानदार मौका है।
अनुपमा एक बार बन चुकी हैं वर्ल्ड चैंपियन
अनुपमा रामचंद्रन एक बार सीनियर लेवल पर वर्ल्ड चैंपियन बन चुकी है। करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि नवंबर 2025 में दोहा में आई थी। उन्होंने फाइनल में हांगकांग की एनजी ऑन यी को 3-2 से हराकर आईबीएसएफ विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। इससे पहले, उन्होंने 2017 में गर्ल्स वर्ल्ड ओपन अंडर-16 स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर अपनी शुरुआत की थी और फिर 2023 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रियाद में आईबीएसएफ विश्व अंडर-21 महिला स्नूकर चैंपियनशिप के साथ-साथ टीम स्पर्धा में विश्व महिला स्नूकर कप भी जीता।
(भाषा)
