Red Fort Car Blast: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को लाल किला के पास हुए कार विस्फोट मामले में बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और आरोपपत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इस मामले में अब केवल एक भगोड़ा ही फरार है, जिसके पाकिस्तान में छिपे होने का संदेह है।
लाल किला के पास कार विस्फोट मामला
NIA महानिदेशक ने संवाददाताओं से कहा, “जहां तक लाल किला के पास हुए विस्फोट मामले की बात है, तो जांच लगभग पूरी हो चुकी है और इसमें आरोपपत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसमें, शायद एक व्यक्ति को छोड़कर जो संभवतः पाकिस्तान में है, कोई अन्य भगोड़ा या कोई और व्यक्ति शामिल नहीं है।” हालांकि, उन्होंने उस व्यक्ति का नाम नहीं बताया जिसके पाकिस्तान में छिपे होने की आशंका है। लेकिन डॉ. मुजफ्फर राथर, जिसके बारे में माना जाता है कि वह पहले अफगानिस्तान भागा और बाद में पाकिस्तान चला गया, उन लोगों में शामिल है जिनकी तलाश जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ही इस पूरे मामले का खुलासा किया था।
12 से ज्यादा लोगों की हुई थी मौत
बता दें कि पिछले साल 10 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में लाल किला के पास हुए इस विस्फोट में 12 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। कई अन्य लोग घायल हो गए थे और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा था। विस्फोट इतना भयानक था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई थी। दिल्ली पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने वाली NIA ने इस साल मई में पटियाला हाउस अदालत की एक विशेष अदालत में 10 आरोपियों के खिलाफ 7,500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था।
अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े थे आरोपियों के हाथ
NIA के अनुसार, मुख्य षड्यंत्रकारी पुलवामा निवासी डॉ. उमर उन नबी (मृत) सहित सभी 10 आरोपी ‘अंसार गज़वत-उल-हिंद’ से जुड़े हुए थे, जो ‘अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट’ (AQIS) का ही एक हिस्सा है। गृह मंत्रालय ने जून 2018 में AQIS और उससे जुड़े संगठनों को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया था। फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय में मेडिसिन के पूर्व सहायक प्राध्यापक डॉ. नबी की पहचान डीएनए फिंगर प्रिंटिंग के जरिए की गई। एजेंसी ने कहा था कि डॉ. नबी के खिलाफ लगे आरोपों को खत्म करने का प्रस्ताव है। वह विस्फोटक से भरी उस कार को चला रहा था, जिसमें विस्फोट हुआ था।
NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए है। NIA ने कहा ड्रोन एक बड़ी समस्या है सीमा पार से ड्रोन का प्रयोग हो रहा है और क्रॉस बॉर्डर टेरर फाइनेंस और क्रिप्टो करेंसी भी बड़ा चैलेंज है। अपराधी मनी ट्रेल के लिए क्रिप्टो करेंसी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अमेरिकी अदालत ने निखिल गुप्ता को सुनाई 235 माह जेल की सजा
कश्मीर से आतंकवाद का पूरी तरह सफाया
NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गृह मंत्री ने सुरक्षा बलों और जांच एजेंसियों की तारीफ करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाए और स्थानीय स्तर पर आतंकियों की भर्ती पूरी तरह बंद होनी चाहिए। गृह मंत्री ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए देशभर में एक जैसी व्यवस्था और काम करने का तरीका होना चाहिए। इसके लिए 'प्रहार' (PRAHAAR) नीति के तहत सभी एजेंसियां मिलकर काम करें।
विदेश भागे आतंकियों को वापस लाया जाएगा
अमित शाह ने दोहराया कि कोई भी भगोड़ा अपराधी या आतंकी दुनिया के किसी भी कोने में छिपा हो, उसे भारत वापस लाकर कानून के सामने खड़ा किया जाएगा। इस दिशा में एजेंसियों को लगातार प्रयास करने होंगे। कॉन्फ्रेंस में संगठित अपराध और आतंकवाद के बीच गठजोड़, युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने, आतंकवाद के लिए फंडिंग और टेक्नोलॉजी की मदद से होने वाली जांच जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। NIA की छठी एंटी टेरर कॉन्फ्रेंस में आतंकवाद विरोधी व्यवस्था को और मजबूत बनाने, केंद्र और राज्य की एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और खुफिया सूचनाओं को साझा करने पर जोर दिया गया है।
तकनीक और साइबर एक्सपर्ट की भूमिका बढ़ाने पर जोर
NIA ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आतंकवादी संगठनों द्वारा ड्रोन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और नई तकनीकों के इस्तेमाल को देखते हुए ATS में मजबूत साइबर एक्सपर्ट यूनिट बनाने की जरूरत बताई। NIA ने 2026 में अब तक 82 केस दर्ज किए। इस साल जिन 29 मामलों में फैसला आया, उनमें 27 मामलों में आरोपियों को सजा हुई। कुल 123 आरोपी दोषी करार दिए गए। NIA की कार्रवाई में दोषी करार दिए गए आरोपियों में 10 को मृत्युदंड और 14 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। NIA ने 53 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए राज्य पुलिस के 5800 कर्मियों को प्रशिक्षित किया। 21 राज्यों में टेक्निकल सपोर्ट यूनिट स्थापित की गई हैं।
