बिजनेस

HCL के शिव नादर फिर बने देश के सबसे बड़े दानदाता,अडानी के दान में 127% का उछाल, अंबानी का रहा ऐसा हाल

अडानी परिवार ने इस दौरान 877 करोड़ रुपये दान किए। इसके साथ ही वह देश के प्रमुख दानदाताओं की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, मुकेश अंबानी इस सूची में चौथा स्थान मिला है। उनके परिवार का दान एक फीसदी घटकर 620 करोड़ रुपये रह गया।

Image

HCL के शिव नादर फिर बने देश के सबसे बड़े दानदाता।

Photo : Twitter

देश के सबसे बड़े दानदाताओं की लिस्ट में HCL के संस्थापक शिव नादर ने अपना नंबर पहले स्थान पर बरकरार रखा है। हुरून इंडिया ने 2026 के लिए बढ़-चढ़कर दान देने वाले लोगों की सूची जारी कर दी है। एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रॉपी लिस्ट 2026 में, शिव नादर और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में सामाजिक कार्यों के लिए 2,593 करोड़ रुपये का दान दिया। वहीं, गौतम अडानी और उनके परिवार के दान में पिछले साल के मुकाबले 127 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इस रिपोर्ट में बताया गया कि अडानी परिवार ने इस दौरान 877 करोड़ रुपये दान किए। इसके साथ ही वह देश के प्रमुख दानदाताओं की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, मुकेश अंबानी इस सूची में चौथा स्थान मिला है। उनके परिवार का दान एक फीसदी घटकर 620 करोड़ रुपये रह गया।

बजाज परिवार तीसरे स्थान पर बरकरार

दानदाताओं की सूची में बजाज परिवार तीसरे स्थान पर बना हुआ है। परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 632 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जो पिछले साल की तुलना में 42 फीसदी अधिक है। रिपोर्ट में साइरस पूनावाला और अदार पूनावाला के दान में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दोनों ने मिलकर 336 करोड़ रुपये का दान दिया, जो पिछले साल से 94 फीसदी ज्यादा है। वहीं, सुधीर मेहता और समीर मेहता का योगदान 77 फीसदी बढ़कर 334 करोड़ रुपये पहुंच गया।

219 दानदाताओं ने दिए 11,554 करोड़ रुपये

एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रॉपी लिस्ट 2026 में कुल 219 दानदाताओं को शामिल किया गया है। इन सभी ने मिलकर वित्त वर्ष 2025-26 में 11,554 करोड़ रुपये का दान दिया। यह राशि पिछले वित्त वर्ष के 10,380 करोड़ रुपये के मुकाबले 11 फीसदी अधिक है। रिपोर्ट के मुताबिक, 19 लोगों ने 100 करोड़ रुपये या उससे अधिक का दान दिया। वहीं, 32 लोगों ने कम से कम 50 करोड़ रुपये और 80 लोगों ने 20 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा का योगदान किया।

शिक्षा के लिए सबसे ज्यादा दान

दान की रकम के इस्तेमाल के मामले में सबसे ज्यादा दान शिक्षा के क्षेत्र में दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुल दान में से 4,188 करोड़ रुपये यानी करीब 36 फीसदी शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दान में 82 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 1,768 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए 1,377 करोड़ रुपये दिए गए। इसमें से 1,220 करोड़ रुपये का योगदान शिव नादर और उनके परिवार की ओर से किया गया।

रिपोर्ट में इन्फोसिस परिवार का कुल योगदान भी 920 करोड़ रुपये बताया गया है। इसमें नंदन नीलेकणि, रोहिणी नीलेकणि, एस गोपालकृष्णन, के दिनेश, कुमारी शिबुलाल और एन आर नारायण मूर्ति का योगदान शामिल है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article