अध्यात्म

Tulsi Mata Shringar Samagri List : तुलसी माता के श्रृंगार में क्या-क्या सामग्री लगती है, जानिए श्रृंगार सामग्री पूरी लिस्ट

Tulsi Mata Shringar Samagri List : तुलसी विवाह के दिन माता तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि तुलसी माता के श्रृंगार में कौन-कौन सी सामग्री लगेगी।

Image

तुलसी माता श्रृंगार सामग्री लिस्ट

Tulsi Mata Shringar Samagri List : तुलसी विवाह के दिन माता तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। इस अवसर पर लाल चुनरी, चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और आभूषण जैसी सुहाग की सामग्री अर्पित की जाती है। तुलसी माता का श्रृंगार विवाह की पूजा का एक खास हिस्सा है। जिस तरह विवाह में वधू को सजाया जाता है, उसी भाव से तुलसी के पौधे को फूलों और वस्त्रों से सजाकर भगवान शालिग्राम के साथ विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं।

साल 2026 में तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा। इस दिन कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि है। अगर आप भी घर पर तुलसी विवाह कराने की तैयारी कर रहे हैं तो पूजा से पहले माता के श्रृंगार का सामान इकट्ठा कर लें। इससे पूजा के दौरान किसी चीज की कमी नहीं होगी। आइए जानते हैं तुलसी माता के श्रृंगार के लिए कौन-कौन सी सामग्री चाहिए और उन्हें किस तरह अर्पित करना चाहिए।

तुलसी माता के श्रृंगार के लिए क्या-क्या सामग्री चाहिए

तुलसी माता के श्रृंगार के लिए सबसे पहले लाल चुनरी या छोटी लाल साड़ी रखें। इसके साथ सिंदूर, रोली, बिंदी, चूड़ियां, मेहंदी और काजल की व्यवस्था करें। सुहाग के प्रतीक के तौर पर बिछिया, पायल, मंगलसूत्र या छोटी माला भी रख सकते हैं। इसके अलावा कंघी, छोटा शीशा, आलता या महावर और फूलों की माला श्रृंगार में शामिल करें।

लाल रंग की चुनरी को तुलसी माता के वस्त्र के रूप में अर्पित किया जाता है। लाल रंग को विवाह और सुहाग से जोड़कर देखा जाता है। चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर और मेहंदी भी दुल्हन के श्रृंगार से जुड़ी सामग्री हैं। तुलसी माता के लिए फूलों के गहने या ज्वेलरी भी रख सकते हैं। श्रृंगार की सामग्री साफ और नई हो तो बेहतर है।

तुलसी माता को कैसे पहनाएं लाल चुनरी

तुलसी विवाह के दिन सबसे पहले तुलसी के पौधे और उसके गमले को साफ करें। इसके बाद लाल चुनरी लें और उसे पौधे के ऊपर इस तरह रखें कि पत्तियां और शाखाएं पूरी तरह न ढकें। चुनरी को पौधे पर कसकर बांधने की जरूरत नहीं है। आप इसे पौधे के पास सजावटी तरीके से लगा सकते हैं या गमले के ऊपरी हिस्से में हल्के से रख सकते हैं।

यदि आपके पास छोटी लाल साड़ी है तो उसे भी चुनरी की तरह अर्पित कर सकते हैं। चुनरी के किनारे पर फूलों की छोटी माला लगाकर सजावट को पूरा किया जा सकता है। ध्यान रखें कि कपड़े का वजन पौधे की शाखाओं पर न पड़े और तुलसी को हवा तथा रोशनी मिलती रहे।

सिंदूर, बिंदी और चूड़ियां अर्पित करने का तरीका

लाल चुनरी के बाद माता तुलसी को सिंदूर, बिंदी और चूड़ियां अर्पित करें। इसके लिए एक छोटी थाली में सिंदूर और बिंदी रखें। चूड़ियों को भी थाली में सजाकर तुलसी माता के सामने रखें। इन चीजों को पत्तियों या तने पर लगाने के बजाय गमले के पास या पूजा की चौकी पर रखना बेहतर है। चूड़ियों के साथ मेहंदी, काजल और आलता भी सुहाग सामग्री के रूप में अर्पित कर सकते हैं। बिछिया और पायल को भी छोटी थाली में रखकर माता तुलसी के सामने समर्पित करें। इन सभी वस्तुओं को पौधे में बांधने या डालने की जरूरत नहीं है। पूजा में सामग्री अर्पित करने का भाव महत्वपूर्ण है, इसलिए पौधे को नुकसान पहुंचाए बिना श्रृंगार पूरा करें।

तुलसी माता के सोलह श्रृंगार में क्या-क्या शामिल करें

तुलसी विवाह के लिए माता तुलसी को सोलह श्रृंगार की सामग्री भी अर्पित की जाती है। इसमें लाल वस्त्र या चुनरी, सिंदूर, बिंदी, चूड़ियां, मेहंदी, काजल, आलता, बिछिया, पायल, कंघी, शीशा, मंगलसूत्र या हार और फूलों की माला जैसी चीजें रखी जा सकती हैं। इसके साथ हल्दी और सुगंधित इत्र भी अर्पित करें।

तुलसी माता के श्रृंगार के साथ पूजा की थाली में क्या रखें

श्रृंगार के सामान के अलावा पूजा के लिए अलग थाली तैयार करें। इसमें रोली, हल्दी, चंदन, अक्षत, फूल, मौली, सुपारी और जल रखें। भगवान शालिग्राम के लिए पीला वस्त्र, चंदन और फूलों की माला तैयार करें। तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के लिए अलग-अलग वरमाला रखें। गठबंधन के लिए लाल या पीला कपड़ा भी रख लें।

पूजा और भोग के लिए घी का दीपक, धूप, अगरबत्ती, कपूर, फल, मिठाई, गन्ना, सिंघाड़ा, आंवला और मौसमी फल भी रख सकते हैं। तुलसी विवाह में तुलसी के पत्ते भगवान विष्णु को अर्पित किए जाते हैं। पूजा के लिए पत्ते पहले से तोड़कर रखें, पूजा वाले दिन पौधे से पत्ते तोड़ने से बचें।

तुलसी माता का श्रृंगार कब और कैसे करें

तुलसी विवाह के दिन सुबह पूजा स्थल और गमले की सफाई कर लें। शाम को विवाह की पूजा से पहले माता तुलसी का श्रृंगार करें। सबसे पहले पौधे को लाल चुनरी से सजाएं। इसके बाद चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर और अन्य सुहाग सामग्री अलग थाली में अर्पित करें। पौधे के पास फूलों की माला रखें और गमले के आसपास फूलों से सजावट करें।

श्रृंगार पूरा होने के बाद भगवान शालिग्राम को पीला वस्त्र और फूलों की माला पहनाएं। दोनों के सामने दीपक जलाकर गणेश जी का स्मरण करें और तुलसी विवाह का संकल्प लें। इसके बाद माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का पूजन करें। वरमाला, गठबंधन और परिक्रमा की रस्में पूरी करके आरती करें। अंत में फल और मिठाई का भोग लगाएं तथा प्रसाद बांटें। पूजन के कुछ दिन बाद आप श्रृंगार का सामान किसी सुहागिन को दान कर सकते हैं या प्रसाद के रूप में खुद भी यूज कर सकते हैं।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article