प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह में शामिल होंगे, वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे और लखनऊ में 'कौशल दीक्षांत समारोह' में हिस्सा लेंगे।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री सबसे पहले पश्चिम बंगाल जाएंगे, जहां वह आईआईटी खड़गपुर की स्थापना के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे। बयान में कहा गया है कि मोदी आईआईटी खड़गपुर के 75 छात्रों के साथ बातचीत भी करेंगे, जो संस्थान की 75 साल की यात्रा का प्रतीक होगा। आईआईटी खड़गपुर की स्थापना 1951 में की गई थी। यह देश में स्थापित किया जाने वाला पहला आईआईटी था। राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त आईआईटी खड़गपुर ने भारत में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाई है।
बंगाल से बिहार जाएंगे PM मोदी
बयान के अनुसार, मोदी पश्चिम बंगाल से बिहार के वैशाली जाएंगे, जहां वह लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसमें कहा गया है कि ये परियोजनाएं सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं तथा इनका उद्देश्य पूरे राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाना है।
PM मोदी राष्ट्र को समर्पित करेंगे नीतीश सेतु
बयान में कहा गया है कि मोदी करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी पर बने पुल 'नीतीश सेतु' को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं।
बिहार के बाद लखनऊ जाएंगे PM मोदी
बयान में कहा गया है कि बिहार से मोदी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जाएंगे, जहां वह गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू किया गया 'कौशल दीक्षांत समारोह' कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देने और प्रशिक्षित युवाओं के प्रशिक्षण से कार्य-क्षेत्र में प्रवेश का जश्न मनाने के लिए वार्षिक राष्ट्रीय आयोजन है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सिंधु घाटी से मेसोपोटामिया तक... SCO मंच पर PM मोदी ने बताई भारत की प्राचीन कनेक्टिविटी
बयान में कहा गया है कि 'कौशल दीक्षांत समारोह' में इस साल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीओटी) के 52 मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "कल 21 नवंबर को मैं पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में कई कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा। इनमें पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर का कौस्तुभ जयंती समारोह; बिहार के वैशाली में 34,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कौशल विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम 'कौशल दीक्षांत समारोह' शामिल है।"
