सूरत में 19 नवंबर को महज 45 मिनट के भीतर पांच लूट और हमले की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर अलग-अलग जगहों पर पुलिस ने फायरिंग की। पहले लिंबायत पुलिस ने आरोपी परवेज मुशरफ अंसारी के पैर में गोली मारी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसके साथी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू पर अडाजण इलाके में फायरिंग की। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्राइम ब्रांच की टीम लक्ष्मण को पकड़ने के बाद आगे की जांच और मेडिकल जांच के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान नेहरू ब्रिज से सरदार ब्रिज की ओर जाते समय अडाजण में नमस्ते सर्कल के पास शनिदेव मंदिर के नजदीक पुलिस वाहन के अगले टायर में हवा कम होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, रात होने के कारण टायर की जांच करने के लिए ड्राइवर और एक कॉन्स्टेबल गाड़ी से नीचे उतरे थे। इसी दौरान आरोपी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू ने PSI शैलेष दुबे पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की। उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनने का प्रयास भी किया। क्राइम ब्रांच के PI आर.आई. जाडेजा ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि "आरोपी के हमले के दौरान PSI दुबे ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। गोली लक्ष्मण के दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी।" जानकारी के मुताबिक आरोपी के पैर में करीब 2 सेंटीमीटर गहरा घाव है। उसे तत्काल सूरत की नई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच और इलाज शुरू किया है।
लिंबायत में ASI पर चाकू से हमला, जवाबी फायरिंग में परवेज घायल
इससे पहले लिंबायत पुलिस ने रात करीब 3 बजे नीलगिरी ग्राउंड के पास परवेज मुशरफ अंसारी को पकड़ने की कोशिश की थी। पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान सरकारी वाहन देखकर संदिग्ध गतिविधि कर रहा परवेज घबरा गया और मैदान की ओर भागने लगा। PI डी.डी. चौहान और पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया। पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश के दौरान अनआर्म्ड पुलिस कॉन्स्टेबल अनिलकुमार अमरसिंह ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि परवेज ने कमर में छिपाया चाकू निकालकर कॉन्स्टेबल के पेट में वार कर दिया। इससे वह घायल हो गए। इसके बाद PI डी.डी. चौहान ने आरोपी को चाकू फेंकने की चेतावनी दी और हवा में एक राउंड फायर किया। पुलिस के अनुसार, इसके बावजूद आरोपी चाकू लेकर PI पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा। इस पर PI ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।
45 मिनट में पांच वारदातें, राहगीरों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, परवेज और लक्ष्मण ने 19 नवंबर की सुबह करीब 4:10 से 4:55 बजे के बीच वराछा, महिधरपुरा और कतारगाम इलाकों में पांच वारदातों को अंजाम दिया।
- मातावाड़ी सर्कल, वराछा: सुबह 4:10 बजे एक युवक की जांघ में चाकू मारकर मोबाइल और ₹3,500 लूटे।
- आयुर्वेदिक गरनाला, महिधरपुरा: सुबह 4:20 बजे एक युवक के पेट में चाकू से तीन वार किए।
- बड़ौदा प्रेस्टिज, वराछा: सुबह 4:35 बजे एक युवक के पेट पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटा।
- सुमुल डेयरी रोड, महिधरपुरा: सुबह 4:45 बजे एक राहगीर के बाएं हिस्से में चाकू से दो वार किए और गाली देकर फरार हो गए।
- गजेरा सर्कल, कतारगाम: सुबह 4:55 बजे एक राहगीर के पेट और हाथ पर चाकू से हमला कर नकदी और मोबाइल लूटा।
कतारगाम के गजेरा सर्कल के पास हुई लूट की घटना CCTV कैमरे में भी कैद हुई थी। फुटेज में बाइक सवार दो आरोपी एक राहगीर को रोकते और चाकू दिखाकर लूटने की कोशिश करते नजर आए। पीड़ित ने विरोध किया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बाइक पर बैठा एक आरोपी संतुलन खोकर नीचे गिर गया। हालांकि, दूसरे आरोपी ने चाकू से हमला किया, जिसके बाद दोनों बाइक लेकर फरार हो गए।
60 वर्षीय बस ड्राइवर से ₹19 हजार और मोबाइल लूटा
गजेरा सर्कल के पास हुई वारदात में 60 वर्षीय लक्ष्मणसिंह भगवानसिंह वाला को भी चाकू से घायल किया गया था। FIR के मुताबिक, वह 19 नवंबर की सुबह करीब पौने पांच बजे घर से काम पर जा रहे थे। उन्हें गजेरा सर्कल से ऑटो लेकर अडाजण गैस सर्कल पहुंचना था, जहां से बस चलाकर L&T के कर्मचारियों को कंपनी ले जाना था। लक्ष्मी डायमंड के गेट के पास बाइक पर आए दो लोगों ने उन्हें रोका और मोबाइल व अन्य सामान देने को कहा। विरोध करने पर पीछे बैठे आरोपी ने उनके पेट के बाईं ओर और बाएं हाथ की कलाई पर चाकू से वार किया। चाकू पकड़ने की कोशिश में उनके दाएं हाथ के अंगूठे पर भी चोट आई। इस दौरान बाइक चला रहा दूसरा आरोपी उनका नीले रंग का बैग ले गया, जिसमें डीजल भरवाने के लिए रखे ₹12,000 थे। इसके अलावा उनकी जेब से करीब ₹7,000 कीमत का ओप्पो मोबाइल भी लूट लिया गया। FIR के अनुसार, घायल लक्ष्मणसिंह घर पहुंचे और पत्नी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसी की मदद से 108 एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें इलाज के लिए स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया।
छह मोबाइल समेत ₹66 हजार का सामान बरामद
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूल रूप से झारखंड के रहने वाले और फिलहाल लिंबायत में ममता टॉकीज के पास रहने वाले परवेज मुशरफ अंसारी के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि उसने अपने साथी लक्ष्मण उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर वराछा, कतारगाम और महिधरपुरा में राहगीरों को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट के सामान सहित छह मोबाइल फोन और करीब ₹66 हजार का सामान बरामद किया है। सूरत के एडिशनल पुलिस कमिश्नर बलराम मीणा ने टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में बताया कि वारदात के बाद सूरत CP वाबांग जामीर के निर्देश पर सूरत पुलिस की अलग-अलग टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए संयुक्त कार्रवाई की गई। दोनों आरोपी पहले बड़े अपराधों में शामिल नहीं रहे थे, इसलिए उनकी पहचान और तलाश करना चुनौतीपूर्ण था। लिंबायत पुलिस ने सुबह परवेज को पकड़ा, जबकि क्राइम ब्रांच ने बाद में लक्ष्मण को गिरफ्तार किया। IPS मीणा ने कहा कि शहर के नागरिकों के साथ धोखाधड़ी या उन्हें परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- गाड़ियों पर जातिसूचक शब्द मेंशन करने पर होगा एक्शन; गुजरात में आया नया नियम
2026 में सात महीने में गुजरात पुलिस की फायरिंग में 11 आरोपी घायल
2026 में मई से नवंबर के बीच गुजरात पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 12 आरोपियों पर फायरिंग की है। इनमें हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, अपहरण और ड्रग्स व हथियारों की तस्करी जैसे मामले शामिल हैं।
- 20 नवंबर, 2026: लक्ष्मण उर्फ गुड्डू, लूट का मामला, लिंबायत, सूरत।
- 20 नवंबर, 2026: परवेज मुशरफ अंसारी, लूट का मामला, लिंबायत, सूरत।
- 26 अक्टूबर, 2026: कफील अहमद, ड्रग्स तस्करी, रिवरफ्रंट, अहमदाबाद।
- 16 अक्टूबर, 2026: देवेंद्र बोरिचा, हत्या, लूट और फिरौती, सायला।
- 16 अक्टूबर, 2026: अनुराग राजपूत, हत्या और लूट, राजकोट।
- 9 अगस्त, 2026: धर्मसिंह, दुष्कर्म, अहमदाबाद।
- 20 जुलाई, 2026: सुरेश परमार, अपहरण और हत्या, वडोदरा।
- 2 जुलाई, 2026: मोहम्मद कलीम, हथियारों की तस्करी, अहमदाबाद।
- 23 जून, 2026: अजय राठोड़िया, हत्या, वडोदरा।
- 25 मई, 2026: धमा बारड, हत्या का प्रयास, अहमदाबाद।
- 11 मई, 2026: राहुल जोगी, हत्या, सूरत।
- 8 मई, 2026: शुभम ठाकुर, बैंक लूट, सूरत।
