स्पोर्ट्स

64 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा! इंग्लैंड और फ्रांस ने FIFA वर्ल्ड कप में रचा नया इतिहास

इंग्लैंड ने वर्ल्ड कप के तीसरे स्थान के लिए हुए रोमांचक प्लेऑफ मैच में फ्रांस को 6-4 से हराया। बुकायो साका ने हैट्रिक लगाई और पूरे मैच में इंग्लैंड के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। किलियन एम्बाप्पे ने भी दो गोल किए और वर्ल्ड कप में गोल करने के मामले में लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस मैच ने फीफा वर्ल्ड के 64 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।

Image

इंग्लैंड और फ्रांस मुकाबले ने रचा इतिहास।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड और फ्रांस के बीच FIFA वर्ल्ड कप 2026 का तीसरे स्थान के लिए खेला गया प्ले-ऑफ मैच रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 10 गोल किए और एक रोमांचक मुकाबला खेला। यह 64 सालों में वर्ल्ड कप का पहला ऐसा मैच था, जिसमें दोनों टीमों ने चार या उससे ज्यादा गोल किए। इससे पहले 1962 में सोवियत संघ और कोलंबिया के बीच मैच 4-4 से ड्रॉ रहा था।

यह 1982 में हंगरी की अल सल्वाडोर पर 10-1 की जीत के बाद विश्व कप में सबसे अधिक गोल वाला मैच था। तीसरे स्थान के मैच में 10 गोल अब तक के सबसे अधिक गोल हैं। आखिरकार इंग्लैंड ने फ्रांस को 6-4 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

साका की हैट्रिक

साका ने 37वें मिनट और पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल करने के बाद 87वें मिनट में पेनल्टी से अपना तीसरा गोल करके इंग्लैंड के लिए अपने करियर की दूसरी हैट्रिक पूरी की। इंग्लैंड के लिए डेकलान राइस और एजरी कोंसा ने भी पहले हाफ में गोल किए जिससे हाफ टाइम तक इंग्लैंड की टीम 4-0 से आगे हो गई।

रोमांचक दूसरे हाफ में भी इंग्लैंड ने अपनी बढ़त बनाए रखी और विश्व कप में अपना दूसरा सबसे अच्छा नतीजा हासिल किया। इंग्लैंड ने अपना एकमात्र खिताब 1966 में जीता था। इंग्लैंड के लिए छठा गोल जूड बेलिंघम ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के आठवें मिनट में किया जो टूर्नामेंट में उनका सातवां गोल था।

मेसी से आगे एम्बाप्पे

विश्व कप में एम्बाप्पे के गोल की संख्या 22 हो गई जो अर्जेन्टीना के कप्तान से अधिक है। इस स्टार स्ट्राइकर ने मौजूदा विश्व कप में अपने अभियान का अंत 10 गोल के साथ किया। वह गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी से दो गोल आगे चल रहे हैं, जिनके नाम पर आठ गोल हैं। मेसी को एम्बाप्पे से आगे निकलने का एक आखिरी मौका तब मिलेगा जब वह और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में फाइनल में स्पेन का सामना करेंगे।

फ्रांस के लिए दो अन्य गोल ब्रैडली बारकोला और ओस्माने डेम्बेले ने भी गोल किए। दोनों टीम ने कहा था कि वे रविवार के फाइनल में खेलना पसंद करतीं। फ्रांस के पास टूर्नामेंट जीतने के लिए काफी आक्रामक क्षमता थी, लेकिन वे सेमीफाइनल में स्पेन से हार गए और लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने का मौका गंवा दिया।

इंग्लैंड ने अर्जेंटीना के खिलाफ सेमीफाइनल में 1-0 की बढ़त गंवा दी थी और 1-2 से हार गया जिसमें मेसी ने अंतिम मिनटों में दो गोल करने में मदद की। हार्ड रॉक स्टेडियम में सेमीफाइनल को देखने के लिए 64,478 दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। बहुत से समर्थक दोनों टीमों का उत्साह बढ़ा रहे थे लेकिन कई लोग सिर्फ इस मैच के माहौल का आनंद लेने के लिए वहां आए थे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article