बिजनेस

Festive Bonus मिलते ही भूलकर भी न करें ये गलतियां, हाथ में नहीं बचेगा एक भी पैसा

Festive Bonus Money Management Tips: फेस्टिव बोनस मिलते ही इस पैसे को बिना सोचे-समझे खर्च देना आपकी सबसे बड़ी गलती हो सकती है। इस पैसे को तीन हिस्सों में बांटकर इसका सही इस्तेमाल किया जा सकता है।

Image

Festive Bonus का ऐसे करें इस्तेमाल (AI Generated Image)

Festive Bonus Money Management Tips: फेस्टिव सीजन में कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को बोनस देती हैं। त्योहारों से पहले मिलने वाला यह अतिरिक्त पैसा कर्मचारियों की खुशी दोगुनी कर देता है। हालांकि, कई लोग बोनस (Festive Bonus) मिलते ही शॉपिंग, घूमने-फिरने और महंगे गिफ्ट खरीदने में पूरी रकम खर्च कर देते हैं। वहीं, कुछ लोग बचत के चक्कर में त्योहारों पर अपनी छोटी-छोटी इच्छाएं भी पूरी नहीं करते। ऐसे में जरूरी है कि फेस्टिव बोनस का इस्तेमाल समझदारी से किया जाए, ताकि त्योहारों का मजा भी बना रहे और भविष्य के लिए बचत भी हो सके-

बोनस मिलते ही पूरी रकम न करें खर्च

फेस्टिव बोनस मिलते ही बिना प्लानिंग के खरीदारी करना बड़ी गलती हो सकती है। अक्सर लोग अतिरिक्त पैसे मिलने पर जरूरत से ज्यादा सामान खरीद लेते हैं। इससे बचने के लिए पहले जरूरी खर्चों की लिस्ट बनाएं। फिर उसी हिसाब से खरीदारी करें।

बचत के चक्कर में खुशियों से समझौता न करें

बोनस का पूरा पैसा बचाकर रखना भी जरूरी नहीं है। त्योहार परिवार के साथ खुशियां मनाने का मौका होते हैं। इसलिए बोनस का कुछ हिस्सा कपड़ों, मिठाइयों, गिफ्ट और घूमने-फिरने पर खर्च कर सकते हैं। इससे बचत भी होगी और त्योहारों का आनंद भी मिलेगा।

बोनस को तीन हिस्सों में बांटें

बोनस का सही इस्तेमाल करने के लिए इसे तीन हिस्सों में बांट सकते हैं। उदाहरण के लिए, 50 प्रतिशत रकम त्योहारों के खर्चों, 30 प्रतिशत बचत और 20 प्रतिशत कर्ज चुकाने या इमरजेंसी फंड के लिए रख सकते हैं। हालांकि, यह बंटवारा आपकी जरूरतों और आर्थिक स्थिति के अनुसार बदल सकता है।

बोनस के भरोसे अतिरिक्त कर्ज न लें

कई लोग बोनस मिलने पर महंगे सामान की डाउन पेमेंट कर देते हैं और बाकी रकम EMI पर चुकाने का फैसला लेते हैं। इससे आने वाले महीनों में आर्थिक दबाव बढ़ सकता है। इसलिए कोई भी नई EMI शुरू करने से पहले अपनी नियमित सैलरी और मौजूदा खर्चों का हिसाब जरूर लगाएं।

आने वाले महीनों के खर्चों को नजरअंदाज न करें

त्योहारों के बाद भी घर का किराया, बच्चों की फीस, बिजली का बिल और दूसरी जिम्मेदारियां बनी रहती हैं। इसलिए बोनस का कुछ हिस्सा अगले महीने के जरूरी खर्चों के लिए सुरक्षित रखना समझदारी होगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article