स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: गोल्डन बूट की रेस में मेसी से आगे निकले एम्बाप्पे, तोड़ा वर्ल्ड कप नें सबसे ज्यादा गोल करने का भी रिकॉर्ड

इंग्लैंड के खिलाफ कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में दो गोल करके फ्रांस के कप्तान कीलियन एम्बाप्पे फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे निकलने के साथ-साथ विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। दोनों रेस में उन्होंने लियोनल मेसी को पीछे छोड़ा।

Image

कीलियन एम्बाप्पे

Photo : AP

मियामी: फ्रांस की फुटबॉल टीम के कप्तान और स्टार खिलाड़ी कीलियन एम्बाप्पे इंग्लैंड के खिलाफ फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस हाई स्कोरिंग मैच में दो गोल करके एम्बाप्पे मौजूदा विश्व कप में गोल्डन बूट अवॉर्ड की रेस में लियोनल मेसी को पछाड़कर सबसे आगे निकल गए। एम्बाप्पे के खाते में मौजूदा विश्व कप में अब सबसे ज्यादा 10 गोल हो गए हैं। वहीं अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी 8 गोल के साथ दूसरे पायदान पर है। हालांकि मेसी के पास फाइनल में स्पेन के खिलाफ एम्बाप्पे को पछाड़कर गोल्डन बूट अपने नाम करने का मौका है लेकिन ये काम स्पेन के मजबूत डिफेंस के सामने उनके लिए आसान नहीं होगा।

विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

इसके अलावा कीलियन एम्बाप्पे मेसी को पछाड़कर फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनके खाते में अब 22 फीफा वर्ल्ड कप गोल हो गए हैं। दूसरे स्थान पर काबिज लियोनल मेसी के खाते में 21 गोल दर्ज हैं। ऐसे में मेसी के पास फाइनल में इस रिकॉर्ड को दोबारा अपने नाम करने या एम्बाप्पे की बराबरी करने का शानदार मौका है। स्पेन के खिलाफ अगर मेसी एक गोल करने में सफल रहे तो वो एम्बाप्पे के 22 गोल की बराबरी पर आ जाएंगे। अगर वो दो गोल करने में सफल हुए तो एम्बाप्पे को पीछे छोड़कर एक बार फिर विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।

एक विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

कीलियन एम्बाप्पे ने मौजूदा विश्व कप में खेले आठ मैचों में 10 गोल किए हैं। उनके नाम 4 असिस्ट भी दर्ज हैं। एक विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में वो फ्रांस के जस्ट फोंटेन और हंगरी के सैंडोर कोक्सिस से पीछे रह गए हैं। साल 1958 के विश्व कप में फोंटेन ने 13 और 1954 में कोक्सिस ने 11 गोल दागे थे।

तीसरे वर्ल्ड कप में ही रच दिया इतिहास

साल 2018 में अपने डेब्यू वर्ल्ड कप में एम्बाप्पे ने 4 गोल किए थे। इसके बाद उन्होंने साल 2022 में 8 गोल करके गोल्डन बूट अवार्ड अपने नाम किया। अपने करियर के तीसरे विश्व कप में 10 गोल करके एम्बाप्पे विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। महज 27 साल की उम्र में उन्होंने ये उपलब्धि हासिल की है। वो आने वाले वर्षों में कम से कम दो बार विश्व कप में और शिरकत करेंगे तो गोलों की मौजूदा संख्या में और इजाफा हो सकता है। मेसी ने छठी बार विश्व कप में खेलते हुए 21 गोल अबतक किए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article