क्रिकेट

IND vs ENG, India playing 11 prediction: इंग्लैंड के खिलाफ ये भारतीय हो सकता है बाहर, इनकी हो सकती है एंट्री

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Oct 24, 2023, 07:03 PM IST

World Cup 2023, IND vs ENG, India likely playing XI: वनडे विश्व कप 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ होगा। इंग्लैंड के खिलाफ 29 अक्टूबर को होने वाले मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 कैसी हो सकती है, किस खिलाड़ी को दिखाया जा सकता है बाहर का रास्ता और किसकी हो सकती है एंट्री, आइए जानते हैं।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी वनडे विश्व कप 2023
  • भारत बनाम इंग्लैंड वर्ल्ड कप मैच
  • इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया में हो सकते हैं कुछ बदलाव

IND vs ENG, World Cup 2023, India likely Playing-11 against England: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) अब अपना अगला मुकाबला 29 अक्टूबर को विश्व चैंपियन इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने उतरेगी। इंग्लैंड के लिए ये विश्व कप अब तक बेहद खराब रहा है इसलिए टीम इंडिया के हौसले भी बुलंद होंगे और वे लगातार अपनी छठी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। हालांकि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) इस मैच के लिए टीम में कुछ बदलाव कर सकते हैं।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए धर्मशाला में हुए विश्व कप मुकाबले में टीम इंडिया ने दो बदलाव किए थे। शार्दुल ठाकुर की जगह मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को टीम में शामिल किया था, जबकि चोटिल हार्दिक पांड्या की जगह सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह दी गई थी। लेकिन अब लगता है कि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी टीम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

ये हो सकता है बड़ा बदलाव

ताजा खबर के मुताबिक हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) अब बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपनी चोट से उबर रहे हैं और उम्मीद जताई गई है कि अगले मुकाबले तक वो पूरी तरह से फिट हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में सूर्यकुमार यादव को हार्दिक पांड्या के लिए जगह खाली करनी पड़ सकती है क्योंकि सूर्यकुमार अपने पहले मौके का फायदा नहीं उठा पाए थे और दो रन बनाकर रन-आउट हो गए थे।

क्या मोहम्मद शमी टीम में बरकरार रहेंगे?

मोहम्मद शमी ने विश्व कप 2023 के अपने पहले ही मैच में 5 विकेट लेकर खलबली मचा दी थी और अब वो वनडे विश्व कप इतिहास में जहीर खान और जवागल श्रीनाथ के बाद सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज भी हैं, उन्होंने महान अनिल कुंबले (31 विकेट) को पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में अगर रोहित ऑलराउंडर की चाहत में शार्दुल ठाकुर या फिर स्पिन ऑलराउंडर की चाहत में रविचंद्रन अश्विन को टीम में जगह देना चाहेंगे तो ये मुश्किल ही होगा क्योंकि शमी ने छाप ही ऐसी छोड़ी है।

इंग्लैंड के खिलाफ ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग-11

रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, केएल राहुल, कुलदीप यादव, रविन्द्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article