क्रिकेट

IND W vs PAK W: भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले पाकिस्तानी कप्तान ने दी गीदड़भभकी, कहा-टूटने के लिए ही बनते हैं रिकॉर्ड

पाकिस्तान की महिला टीम की कप्तान ने वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया के खिलाफ 0-11 के शर्मनाक रिकॉर्ड के बावजूद रविवार को कोलंबो में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले जीत की हुंकार भरी है। जानिए फातिमा सना ने भारत के खिलाफ मुकाबले की पूर्व संध्या पर क्या कहा?

Image

फातिमा सना

Photo : AP

कोलंबो: पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने महिला वनडे विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ रविवार को खेले जाने वाले मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए कहा कि रिकॉर्ड तो टूटने के लिए ही बनते हैं। महिला वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान भारत से 0-11 से पिछड़ रहा है, लेकिन फातिमा ने कहा कि उनकी टीम अतीत की बजाय वर्तमान पर ध्यान दे रही है।

रिकॉर्ड बनते हैं टूटने के लिए

फातिमा ने मैच से एक दिन पहले कहा,'सबसे पहले तो भारत और पाकिस्तान के बीच जो भी रिकॉर्ड है वो टूटने के लिए ही बने हैं। ऐसा नहीं है कि पाकिस्तान कभी भारत को नहीं हरा सकता। हमारे सामने कोई भी टीम हो, हम इस सोच के साथ खेलते हैं कि हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है। हम बीते हुए रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोचेंगे, सिर्फ उस दिन के खेल पर ध्यान देंगे। मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि अगर पाकिस्तान अच्छा खेले तो हम में किसी भी बड़ी टीम को हराने की काबिलियत है। आप खुद को एक मैच के आधार पर नहीं आंक सकते। टीम का मनोबल ऊंचा है।'

भारतीय टीम जारी रखेगी नो-हैंडशेक की नीति

इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले की तैयारी उस समय हो रही है जब भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव चरम पर है। पुरुष एशिया कप की तरह, इस बार भी भारतीय महिला खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज कर सकती हैं। यह स्थिति 2022 महिला वनडे विश्व कप से बिल्कुल अलग होगी, जब भारत की खिलाड़ियों के पाकिस्तान की पूर्व कप्तान बिस्माह मारूफ की बेटी के साथ घुलते-मिलते तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।

अच्छा प्रदर्शन करना है हमारा लक्ष्य

फातिमा ने कहा, 'हमारा मुख्य लक्ष्य अच्छा प्रदर्शन करना है। हमारी अन्य टीमों के साथ अच्छे संबंध हैं। हम खेल भावना को निभाने की पूरी कोशिश करेंगे। बिस्माह की बेटी के साथ सभी का मिलना और एक-दूसरे के साथ अच्छा समय बिताना। पहले जो हुआ, हमें ऐसे पल पसंद हैं। लेकिन अभी हमारा पूरा मकसद खेल पर ध्यान देना है।' फातिमा ने माना कि भारत-पाकिस्तान का मुकाबला अधिक दबाव वाला होता है और टीम को इससे निपटना सीखना होगा। 'बिलकुल, यह एक दबाव वाला मैच है। हम जानते हैं कि भारत-पाकिस्तान मैच को पूरी दुनिया देखती है। लेकिन असली बात है उस दबाव को संभालना। हम अपनी रणनीति पर ध्यान देंगे और योजनाओं को अंजाम देने की कोशिश करेंगे।'

बांग्लादेश के खिलाफ हार के बाद भी मनोबल है ऊंचा

पाकिस्तान ने अपना अभियान बांग्लादेश के खिलाफ सात विकेट से निराशाजनक हार के साथ शुरू किया है, लेकिन कप्तान का कहना है कि टीम का मनोबल ऊंचा है। उन्होंने कहा,'टीम से जुड़े सभी कोच ने हमें अपनी काबिलियत पर भरोसा रखने की सलाह दी है। एक मैच से पूरे टूर्नामेंट को परिभाषित नहीं किया जा सकता। हमें अभी भी यकीन है कि हम मुकाबले जीत सकते हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article