स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडिया-ए और श्रीलंका-ए का मैच चर्चा का विषय बन गया है। मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे की श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ हुई झड़प के बाद एक नया मामला सामने आ गया है कि खराब रोशनी में मैच खेला जाना चाहिए था या नहीं। दांबुल्ला में हुए मैच में झगड़े के बाद इस नए सवालों ने जन्म ले लिया है।
सोमवार को रंगिरी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में श्रीलंका ए ने जब लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी गेंद पर इंडिया ए के 265 रनों के स्कोर की बराबरी कर ली, तो भारतीय खिलाड़ी तुरंत मैदान पर मौजूद दोनों अंपायरों के चारों ओर जमा हो गए और लंबी चर्चा शुरू हो गई। दांबुल्ला में रोशनी लगातार खराब हो रही थी और भारतीय खिलाड़ियों ने इसकी शिकायत अंपायर से की, लेकिन मैच अधिकारी आगे चर्चा करने के इच्छुक नहीं दिखे।
इंडिया-ए कप्तान ने अंपायर्स की बहस
श्रीलंका ए के खिलाड़ी तब तक डगआउट में लौट चुके थे और चर्चा में शामिल नहीं थे। हालांकि, इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ अंपायर्स के साथ बहस करते दिखे। स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, मैच अधिकारियों ने भारतीय टीम को सूचित किया था कि अगर अंपायरों को लगता है कि क्रिकेट के लिए परिस्थितियां अनुपयुक्त हैं तो खेल रोक दिया जाएगा। अंततः रोशनी के लगातार खराब होने के बावजूद खेल जारी रखने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय तब लिया गया जब सुपर ओवर कराने या न कराने पर चर्चा में काफी समय बर्बाद हो चुका था।
खराब रोशनी के चलते नहीं दिख रही थी गेंद
इसके बाद से इस बात पर सवाल उठ रहे हैं कि तेज गेंदबाजों को ऐसी परिस्थितियों में गेंदबाजी करने की अनुमति क्यों दी गई। विवाद तब और गहरा गया, जब श्रीलंका-ए की सुपर ओवर पारी की आखिरी गेंद पर नो-बॉल का फैसला सुनाया गया, जिससे भारतीय टीम ने विरोध प्रदर्शन किया। लंबी बहस के चलते समय और बर्बाद हुआ। जब वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे 17 रन का पीछा करने के लिए मैदान पर उतरे, तब तक खराब रोशनी एक बड़ी समस्या बन चुकी थी।
भारत के लिए बढ़ी मुश्किलें
रिपोर्ट में बताया गया कि रंगिरी दंबुल्ला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के अंदर मौजूद दर्शकों को गेंद देखने में काफी परेशानी हो रही थी। वहीं, खिलाड़ियों को भी इसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। एक खिलाड़ी को अपने साथियों से यह कहते हुए सुना गया, 'यार, 'गेंद दिख ही नहीं रही है।' हालांकि, खराब रोशनी के बावजूद खेल जारी रहा। जवाब में भारतीय टीम ए केवल 10 रन ही बना सकी और श्रीलंका ए ने जीत हासिल कर ट्राई सीरीज के प्वाइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है, जिससे उसकी फाइनल में पहुंचने की उम्मीद बढ़ गई है।
