स्पोर्ट्स

पूर्व हॉकी खिलाड़ी एमएम सोमैया का 1980 ओलंपिक गोल्ड मेडल चोरी

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान . एम. सोमैया के घर चोरी की घटना सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है कि चोर उनका ओलंपिक गोल्ड मेडल भी उठा ले गए। यह घटना 28 अक्टूबर की बताई जा रही है।

Image

एम. एम. सोमैया (साभार-X)

बेंगलुरु में भारतीय हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एम. एम. सोमैया के घर चोरी की घटना सामने आई है जिसमें अज्ञात चोर उनके घर से कीमती सामान के साथ वह स्वर्ण पदक भी ले गए जो उन्होंने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की ओर से खेलते हुए जीता था। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक चोरी की यह घटना 28 अक्टूबर को एचएएल थर्ड स्टेज इलाके में हुई जो इंदिरानगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। घटना के समय 67 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी सोमैया अपने परिवार के साथ कोडागु की यात्रा पर गए हुए थे।

प्राथमिकी (एफआईआर) के अनुसार घटना का पता तब चला जब सोमैया के एक पड़ोसी ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा और उसे घर में चोरी होने का संदेह हुआ जिसके बाद उसने सोमैया को इसकी सूचना दी। एफआईआर में कहा गया है, ’’इसके बाद जब पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि 28 अक्टूबर की रात करीब 2:34 बजे दो अज्ञात व्यक्ति शिकायतकर्ता के घर में दाखिल हुए थे। इनमें से एक ने नीले रंग की शर्ट और दूसरे ने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी। ’’

एफआईआर के मुताबिक दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर रखी कीमती वस्तुएं चुरा लीं। चोरी हुए सामान में 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के साथ जीता गया सोमैया का स्वर्ण पदक, 1982 के नयी दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 के सियोल एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 में एम्स्टर्डम में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक शामिल है। इसके अलावा कई चांदी की वस्तुएं, सोने के आभूषण और 30,000 रुपये नकद भी चोरी हुए हैं।

एफआईआर के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 3.53 लाख रुपये आंकी गई है। सोमैया की शिकायत के आधार पर इंदिरानगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) (घर में अनधिकृत प्रवेश या घर में सेंधमारी) और धारा 305 (आवासीय घर, परिवहन के साधन या पूजा स्थल आदि में चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article