बुधवार को शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैच की सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की। गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का सही फैसला लिया और फिर बल्ले से 37 रन की पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 113(104) रन की साझेदारी की। इस मुकाबले में गिल की कप्तानी से पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे काफी प्रभावित नजर आए। रहाणे शुभमन गिल का बल्लेबाजी में बेखौफ अंदाज और कप्तानी में उनकी बढ़ती समझदारी से बेहद खुश नजर आए। उनका मानना है कि वह अनुभव के साथ लगातार निखर रहे हैं और हर नयी सीरीज में बतौर कप्तान पहले से बेहतर नजर आ रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट में बदलाव के दौर के तहत कम उम्र में ही नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाले गिल ने कप्तानी के साथ अपनी बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन भी जारी रखा है। अतिरिक्त जिम्मेदारी का उनके बल्लेबाजी प्रदर्शन पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है। इतना ही नहीं, वह वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान पर पहुंच चुके हैं। रहाणे ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ’’बल्लेबाजी के लिहाज से शुभमन का प्रदर्शन शानदार रहा है। उनके रिकॉर्ड खुद उनकी कहानी बयां करते हैं। उनकी बल्लेबाजी में मुझे सबसे अच्छी बात उनका आत्मविश्वास लगता है। ’’
रहाणे के मुताबिक मैदान पर गिल का व्यवहार, उनका रवैया और खेल के प्रति उनका सकारात्मक नजरिया इस आत्मविश्वास को साफ तौर पर दर्शाता है।
38 वर्षीय रहाणे ने माना कि किसी भी बल्लेबाज की फॉर्म में उतार-चढ़ाव आ सकता है, लेकिन गिल के हालिया प्रदर्शन ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया है।
मैदान में उनका अंदाज सुकून देने वाला
उन्होंने कहा, ’’जिस अंदाज में वह मैदान पर उतरते हैं, उनका रवैया और खेलने का इरादा काफी मायने रखता है। फॉर्म में उतार-चढ़ाव आता रहता है। आप एक दिन रन बनाते हैं और हो सकता है कि अगले दिन ऐसा नहीं कर पाएं। लेकिन शुभमन के अंदर निश्चित रूप से वह आत्मविश्वास है और हाल के दिनों में वह लगातार रन भी बना रहे हैं। ’’
