क्रिकेट

दिल्ली और बेंगलुरू के बीच कौन जीता कल का मैच, जानें मैच से जुड़ी हर जानकारी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही आरसीबी प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच गई। इस जीत के हीरो रहे विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या जिन्होंने मुश्किल समय में शतकीय साझेदारी की।

Image

बेंगलुरू और दिल्ली कैपिटल्स (कल का मैच कौन जीता)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल 2025 में घर के बाहर लगातार छठी जीत दर्ज कर ली। दिल्ली के खिलाफ मैच में आरसीबी ने 9 गेंद शेष रहते 6 विकेट से जीत दर्ज की। आरसीबी के सामने 163 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने कोहली के 51 और क्रुणाल पांड्या के 73 रन की पारी के दम पर हासिल कर लिया।

इससे पहले टॉस हारकर दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल की 41 और ट्रिस्टन स्टब्स की 34 रन की पारी के दम पर आरसीबी के सामने 163 रन का लक्ष्य रखा। भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट पर 162 रन पर रोक दिया।

आरसीबी के लिये भुवनेश्वर ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिये, जबकि जोश हेजलवुड को दो विकेट मिले।

दिल्ली की विस्फोटक शुरुआत

दिल्ली की शुरूआत काफी तेज रही और पहली ही गेंद पर अभिषेक पोरेल ने भुवनेश्वर कुमार को चौका जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिये। भुवनेश्वर अपने पहले स्पैल में काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने तीसरे ओवर में 17 रन दिये। पोरेल ने उन्हें पहले स्क्वेयर लेग के ऊपर और फिर फाइन लेग पर छक्का लगाया। पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इस सत्र में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर टीम की पहली जीत के नायक रहे जोश हेजलवुड चौथे ओवर में गेंदबाजी के लिये आये जिन्होंने खतरनाक होते दिख रहे पोरेल को पवेलियन भेजा।

पोरेल 11 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच देकर लौटे। दिल्ली को एक और झटका जल्द ही लगा जब करूण नायर अगले ओवर में यश दयाल की शॉर्ट गेंद पर हवा में शॉट खेलकर आउट हो गए। पावरप्ले के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 52 रन था।

नहीं चले फाफ डुप्लेसी

दूसरे छोर पर फाफ डु प्लेसी भी अपनी पारी को बड़ा नहीं बना पाए। डुप्लेसी 22 रन बनाकर दसवें ओवर में कृणाल पांड्या का शिकार बने। विराट कोहली ने आरसीबी में अपने पूर्व साथी रहे डु प्लेसी (26 गेंद में 22 रन) का कैच लपका।

बीच के ओवर में दिल्ली पर लगा ब्रेक

बीच के ओवरों में दिल्ली की रनगति इतनी धीमी हो गई कि दिल्ली की पारी का तीसरा छक्का करीब दस ओवर के बाद 13वें ओवर में कप्तान अक्षर पटेल ने कृणाल को जड़ा। दिल्ली के 100 रन 13.1 ओवर में बने जिसमें से पहले 50 सिर्फ 36 गेंद में और दूसरे 44 गेंद में पूरे हुए। राहुल और अक्षर की साझेदारी को हेजलवुड ने तोड़ा जब अक्षर उनकी गेंद पर बोल्ड हो गए।

भुवनेश्वर ने एक ओवर में झटके दो विकेट

भुवनेश्वर ने 17वें ओवर में दिल्ली को दो करारे झटके दिये उन्होंनें पहले राहुल को और फिर आशुतोष शर्मा़ (दो) को बोल्ड किया। राहुल ने 39 गेंद में 41 रन बनाये। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाये जबकि एक भी छक्का नहीं जड़ सके।

स्टब्स ने किया फिनिश

विपराज निगम और ट्रिस्टन स्टब्स ने इसके बाद 15 गेंद में 38 रन की साझेदारी करके दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हेजलवुड के आखिरी ओवर में 17 रन बने जिसमें विपराज ने छक्का और स्टब्स ने चौका जड़ा। इसके बाद 19वें ओवर में दयाल ने 19 रन दिये जो पारी का सबसे महंगा ओवर था। स्टब्स 18 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के के साथ 34 रन बनाकर हेजलवुड को कैच देकर लौटे। आखिरी तीन ओवर में दिल्ली के बल्लेबाजों ने 42 रन बनाये और कैपिटल्स 162 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर पाई।

बेंगलुरू की खराब शुरुआत

163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की ओर से जैकब बेथल और कोहली ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 14 गेंद में 20 रन की साझेदारी की। जब लग रहा था कि नई जोड़ी पावरप्ले को भुनाने में कामयाब हो जाएगी, तब कप्तान अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला और बेथल को आउट कर दिया। वह 12 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसी स्कोर पर अक्षर ने इनफॉर्म बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को भी आउट कर दिया। पडिक्कल खाता भी नहीं खोल पाए। कप्तान रजत पाटीदार 6 रन बनाकर करुण नायर की सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। 26 रन बनाकर आरसीबी की पारी मुश्किल में नजर आ रही थी।

क्रुणाल और विराट ने कराई वापसी

चेज मास्टर विराट कोहली ने क्रुणाल पांड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी कर आरसीबी की मैच में वापसी करा दी। विराट कोहली 18वें ओवर में 47 गेंद में 51 रन की पारी खेलकर आउट हुए, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे। विराट को दुश्मंथा चमीरा ने मिचेल स्टार्क के हाथों कैच करवाया। विराट के आउट होने के बाद आरसीबी को 13 गेंद में 18 रन की दरकार थी।

अक्षर पटेल से हो गई चूक

आखिरी दो ओवर में बेंगलुरू को 18 रन बनाने थे और लगा कि मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है, लेकिन 19वें ओवर में अक्षर पटेल से भारी चूक हो गई। 19वां ओवर अक्षर ने मिचेल स्टार्क को न देकर मुकेश कुमार को गेंद थमा दी। फिर क्या था लंबे-लंबे शॉट के लिए मशहूर टिम डेविड ने उनके शुरुआती 3 गेंद पर ही जरूरी 18 रन बना लिए और अपनी टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी। टिम डेविड 5 गेंद में 19 और क्रुणाल पांड्या 47 गेंद में 73 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ ही आरसीबी 14 अंक के साथ टेबल के टॉप पर पहुंच गई।

प्लेयर ऑफ द मैच बने क्रुणाल पांड्या

क्रुणाल पांड्या को 73 रन की बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभाने वाले क्रुणाल ने गेंदबाजी में भी कमाल का काम किया और 4 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट चटकाया। उन्होंने फाफ डुप्लेसी को आउट किया।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article