स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दलीप ट्रॉफी के एक क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने धमाकेदार अंदाज में जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। बेंगलुरु के सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए मुकाबले में ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से हराया। शहबाज अहमद को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।
दलीप ट्ऱॉफी के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विशाल स्कोर बनाया। सुदीप कुमार घामी (146), शहबाज अहमद (167) और कुमार कुशाग्र (55) की पारियों की बदौलत ईस्ट जोन ने 467 रन बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में उतरी नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी 111 रन पर सिमट गई।
शहबाज का ऑलराउंड प्रदर्शन
ईस्ट जोन के लिए अभिजीत सरकार ने पांच विकेट और शहबाज ने तीन विकेट चटकाए। इसके बाद नॉर्थ ईस्ट जोन फॉलोऑन खेलने उतरी। मुकेश कुमार और अभिजीत के दिए शुरुआती झटके के बाद नॉर्थ ईस्ट जोन उबर नहीं पाई। वहीं, अनुकूल रॉय ने बीच के ओवरों में घातक गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को क्रीज पर जमने नहीं दिया। अनुकूल रॉय ने 15 ओवर में 37 रन देकर पांच विकेट चटकाए।
वैभव सूर्यवंशी ने चटकाए दो विकेट
नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ तीसरे दिन ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने एक बड़ा दांव चला। फॉलोऑन खेल रही नॉर्थ ईस्ट जोन की पारी पहले ही लड़खड़ा गई थी, इस पर ईशान ने वैभव सूर्यवंशी को गेंद थमा दी। बल्लेबाजी में फेल रहे वैभव ने गेंदबाजी में कमाल कर दिया। अपने स्पेल के पहले ही ओवर में वैभव ने दो विकेट चटका दिए। भारत के अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी को कोई विकेट नहीं मिला। वह विकेट लेस रहे।
