स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Vaibhav Sooryavanshi Duleep Trophy Wicket Video: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा बल्लेबाज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जब-जब मैदान पर उतरते हैं तो सुर्खियों में आ ही जाते हैं। ताजा मामला दलीप ट्रॉफी मैच का है जहां वो डेब्यू करते हुए बल्ले से फेल तो हुए, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने तहलका मचा दिया। वैभव ने गेंदबाजी करते हुए नॉर्थ ईस्ट टीम को भारी नुकसान पहुंचाया। वैभव सूर्यवंशी का गेंदबाजी करते हुए वीडियो वायरल हुआ है।
ईशान किशन के उप-कप्तान के रूप में मैदान पर उतरे सूर्यवंशी से सभी को आक्रामक पारी की उम्मीद थी। उन्होंने अपनी चिर-परिचित शैली में शुरुआत करते हुए पहली ही गेंदों से आक्रामक रुख अपनाया और दो शानदार चौके (8 रन) जड़े। हालांकि, नॉर्थ ईस्ट जोन के तेज गेंदबाज विश्वोर्जित ने उनके इस आक्रमण पर जल्द ही विराम लगा दिया और उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
गेंदबाजी में चटकाए दो विकेट
नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ तीसरे दिन ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने एक बड़ा दांव चला। फॉलोऑन खेल रही नॉर्थ ईस्ट जोन की पारी पहले ही लड़खड़ा गई थी, इस पर ईशान ने वैभव सूर्यवंशी को गेंद थमा दी। बल्लेबाजी में फेल रहे वैभव ने गेंदबाजी में कमाल कर दिया। अपने स्पेल के पहले ही ओवर में वैभव ने दो विकेट चटका दिए।
बड़ी हार के कगार पर नॉर्थ ईस्ट जोन
नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी के 28वें में वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजी करने आए। इस ओवर की दूसरी गेंद पर वैभव ने अपना पहला विकेट हासिल किया। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर वैभव को उनकी दूसरी सफलता मिली। इसके चलते नॉर्थ ईस्ट जोन ने अपने सात विकेट गंवा दिए और बड़ी हार के कगार पर पहुंच गई।
शमी को नहीं मिला है विकेट
ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 467 रन बनाए। इसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी 111 रन पर सिमट गई। अभिजीत सरकार ने पांच और शहबाज अहमद ने तीन विकेट चटकाए। खबर लिखे जाने तक नॉर्थ ईस्ट जोन ने 102 रन पर 8 विकेट गंवा दिए हैं। अनुकूल राय ने तीन विकेट हासिल कर ली है। वैभव के नाम दो विकेट है। मोहम्मद शमी पहली की तरह अभी तक दूसरी पारी में विकेट लेस हैं।
