दुबई: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने आखिरी ग्रुप मैच में 44 रन के अंतर से मात देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया खराब शुरुआत के बाद 50 ओवर में 9 विकेट पर 249 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल हुई। लेकिन जीत के लिए 250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई और 45.4 ओवर में 205 रन पर ढेर हो गई। इस हार के साथ ही न्यूजीलैंड का पिछले एक महीने से चल रहा जीत का सिलसिला भी खत्म हो गया। इस मैच के बाद भारत ग्रुप ए में पहले और न्यूजीलैंड दूसरे पायदान पर रहा। ऐसे में टूर्नामेंट के 4 मार्च को खेले जाने वाले पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रलिया के बीच दुबई में भिड़ंत होगी। वहीं 5 मार्च को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा।
जरूरी था ग्रुप राउंड का जीत के साथ अंत
न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद रोहित शर्मा ने कहा, हमारे लिए जीत के साथ ग्रुप दौर के मैचों का अंत करना जरूरी था। न्यूजीलैंड की टीम बेहतरीन है और पिछले कुछ समय से अच्छी क्रिकेट खेल रही है। पहले पॉवरप्ले में विकेट गंवाने के बाद हमारे लिए मैच में अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर के बीच हुई साझेदारी अहम रही। वो हमें अच्छे स्कोर तक लेकर गए। जिस तरह की हमारी गेंदबाजी है उसे देखते हुए हमें पूरा विश्वास था कि हम इस लक्ष्य का बचाव कर लेंगे।
सेमीफाइनल की टीम को लेकर होगी माथा-पच्ची
चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मैच खेलते हुए वरुण चक्रवर्ती ने 40 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए और जीत में अहम भूमिका अदा की। रोहित ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, वरुण के पास गेंदबाजी की कुछ अलग कला है। हम देखना चाहते थे कि वो हमारे लिए क्या कर सकते हैं। ऐसे प्रदर्शन के बाद हमें अगले मैच के लिए टीम चयन के लिए माथा पच्ची करनी पड़ेगी। लेकिन ये अच्छा सिरदर्द है। अगर वो सही जगह गेंद डालने में सफल होते हैं तो उनकी गेंदों को पढ़ पाना मुश्किल होता है। इस तरह के छोटे लक्ष्य वाले मैचों में लय बनाए रखना जरूरी होता है। आप जीतने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं। गल्तियां आपसे होती हैं लेकिन उन्हें सुधारना जरूरी होता है।
ऑस्ट्रलिया के खिलाफ होगा अच्छा मैच
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भिड़ंत के बारे में पूछे जाने पर रोहित ने कहा, वो मैच अच्छा होने वाला है। आईसीसी टूर्नामेंट्स में ऑस्ट्रेलिया का बेहद समृद्ध इतिहास रहा है। जीत के लिए हम मैच में अपनी ओर से सबकुछ सही करने की कोशिश करेंगे। हमारा ध्यान इस बात पर रहेगा कि हमें उस दिन क्या करना है और हम वैसा ही करने की कोशिश करेंगे और ऐसा करने पर हमें जीत मिल सकती है।
