शहर

Patna News: पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त एयर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी, 164 यात्री सुरक्षित

Patna News: दिल्ली से पटना पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट सोमवार सुबह लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई। बर्ड स्ट्राइक के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियातन रनवे की जांच कराई, हालांकि उड़ानों का संचालन सामान्य रहा। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 164 यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

Image

दिल्ली से पटना पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट बर्ड स्ट्राइक का शिकार (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : BCCL

Patna News: दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट सोमवार सुबह पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय बर्ड स्ट्राइक की घटना का शिकार हो गई। लैंडिंग से ठीक पहले विमान से एक पक्षी टकरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए रनवे का निरीक्षण कराया। राहत की बात यह रही कि हादसे में विमान में सवार सभी 164 यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सुबह इतने बसे हुई घटना

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 1741 दिल्ली से पटना पहुंची थी। विमान को सोमवार सुबह करीब 7:44 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरना था। लैंडिंग के दौरान पायलट को विमान से पक्षी के टकराने का पता चला। इसके बाद पायलट ने तत्काल एयरपोर्ट के अधिकारियों को संभावित बर्ड स्ट्राइक की जानकारी दी।

रनवे का किया गया निरीक्षण

सूचना मिलने के बाद विमान को किसी तरह की आपात स्थिति पैदा किए बिना सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारा गया। विमान के लैंड होने के तुरंत बाद एयरपोर्ट कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों ने रनवे का निरीक्षण किया। इस जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पक्षी के टकराने से रनवे पर कोई ऐसी वस्तु या स्थिति न बनी हो, जो बाद में उतरने या उड़ान भरने वाले विमानों के लिए जोखिम पैदा कर सके।

164 यात्री पूरी तरह सुरक्षित

अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के बाद एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। बर्ड स्ट्राइक की इस घटना से फ्लाइट ऑपरेशन पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ा और अन्य उड़ानों का संचालन भी प्रभावित नहीं हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि एयर इंडिया के विमान में मौजूद सभी 164 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों में किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति नहीं बनी। फिलहाल विमान से पक्षी टकराने की घटना को लेकर आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया पूरी की गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article