क्रिकेट

वकार यूनिस ने जो बोला था वही हुआ, दो खिलाड़ियों को लेकर की गई भविष्यवाणी हुई वायरल

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 9, 2022, 05:52 PM IST

Waqar Younis prediction stands correct, Pakistan vs New Zealand, T20 World Cup 2022 Semi-Final: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2022 सेमीफाइनल मैच से पहले पूर्व पाक कप्तान वकार यूनिस ने जो भविष्यवाणी की थी, वो बिल्कुल सटीक बैठी, खासतौर पर दो खिलाड़ियों को लेकर ।

Image

वकार यूनिस की सटीक भविष्यवाणी

Photo : Twitter

PAK vs NZ T20 World Cup 2022 Semi-Final: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान ने कीवी टीम को 7 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए फाइनल में जगह बना ली है। इस मैच में पाकिस्तान के लिए वो दो खिलाड़ी चमके जिनसे लंबे समय से उम्मीदें की जा रही थीं। आखिरकार बड़े मौके पर दोनों चमके और उससे भी दिलचस्प बात ये कि पूर्व पाकिस्तानी कप्तान वकार यूनिस ने इस बारे में मैच से पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी।

सेमीफाइनल मैच से पहले जब सभी पाकिस्तानी फैंस अपनी टीम को शुभकामनाएं देने में लगे थे, तभी वकार यूनिस का ट्वीट भी आया जिसमें उन्होंने शुभकामनाओं के साथ-साथ एक भविष्यवाणी भी कर डाली कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान के दोनों ओपनर्स कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान चमकेंगे, जो दोनों ही अब तक विश्व कप में फ्लॉप साबित हो रहे थे।

वकार यूनिस ने अपने ट्वीट में लिखा था, "बाबर और रिजवान आज सिडनी में चमकेंगे। मेरी दुआएं और शुभकामनाएं टीम पाकिस्तान के साथ।" और फिर हुआ भी यही। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने 153 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उतरे बाबर और रिजवान ने पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी कर डाली।

बाबर आजम ने 42 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली। जबकि मोहम्मद रिजवान ने 43 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी खेली। ये दोनों आउट तो हुए लेकिन इन दोनों की पारियों के दम पर ही पाकिस्तानी टीम ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया और फाइनल में जगह हासिल की।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article