क्रिकेट

टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया भुवी की कैसे हुई टीम इंडिया में वापसी

टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने बताया किन वजहों से भुवनेश्वर कुमार की किन वजहों से हुई टीम इंडिया में चार साल लंबे अंतराल के बाद वापसी?

Image

भुवनेश्वर कुमार (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Verified)

रांची: सहायक कोच सितांशु कोटक ने गुरुवार को यहां कहा कि भुवनेश्वर कुमार के अपार अनुभव और पिछले दो आईपीएल सत्र में उनकी शानदार फॉर्म ने उन्हें न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापस जगह दिलाई है। छत्तीस वर्षीय अनुभवी तेज गेंदबाज आखिरी बार नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड सीरीज में भारत के लिए खेले थे। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद भुवनेश्वर ने राष्ट्रीय टीम में वापसी की। उन्होंने 2025 और 2026 में आरसीबी की लगातार खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इन दो सत्र में 45 विकेट लिए थे (2025 में 17 और 2026 में 28)।

युवा गेंदबाजी ग्रुप में पड़ी अनुभव की दरकार

भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैच की सीरीज के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेगी। कोटक ने संकेत दिया कि चयनकर्ताओं को शायद युवा गेंदबाजी ग्रुप में अनुभव जोड़ने की जरूरत महसूस हुई होगी। कोटक ने यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत में कहा,'चयनकर्ताओं पर निर्भर करता है। लेकिन मैं आपको अपनी सोच के आधार पर जवाब दे सकता हूं। इंग्लैंड में, जब बुमराह आसपास नहीं थे और बहुत सारे युवा गेंदबाज खेल रहे थे तो मुझे व्यक्तिगत रूप से लगा कि आप अनुभव को मात नहीं दे सकते।

आईपीएल में पिछले दो सीजन किया है शानदार प्रदर्शन

उन्होंने कहा,'युवा गेंदबाज अच्छे हैं, वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनका चयन हो रहा है, लेकिन किसी स्तर पर आपको कुछ अनुभव की भी जरूरत होती है। यह एक कारण हो सकता है। दूसरी बात यह है कि भुवनेश्वर पिछले दो सत्र से आईपीएल में बहुत अच्छा कर रहे हैं। इसलिए चयनकर्ताओं ने सोचा होगा कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों और बाकी चीजों के लिए, निश्चित तौर पर वह अच्छा कर रहे हैं और हमें कुछ अनुभव की जरूरत है। मुझे लगता है कि इसलिए उन्होंने उन्हें चुना होगा।'

क्या शमी की भी होगी टीम में वापसी?

भुवनेश्वर की वापसी ने मोहम्मद शमी को लेकर भी सवाल फिर से खड़े कर दिए हैं जो घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखने के बावजूद मौजूदा टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर हैं। शमी आखिरी बार मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत के लिए खेले थे। वह तब से घरेलू क्रिकेट के जरिए वापसी की कोशिश कर रहे हैं जिसमें उन्होंने उत्साहजनक प्रदर्शन किए हैं। हालांकि, कोटक ने बंगाल के अनुभवी तेज गेंदबाज की संभावित वापसी को लेकर किसी भी अटकल से खुद को अलग रखा। उन्होंने कहा,'सबसे पहले मैं चयनकर्ता नहीं हूं इसलिए मेरे लिए आपको यह बताना मुश्किल है। लेकिन शमी भी खेल रहे हैं और वह भी अच्छा कर रहे हैं। अगर चयनकर्ताओं को लगता है कि वह अच्छा कर रहे हैं और टीम को उनकी जरूरत है, तो किसी भी खिलाड़ी का चयन किया जा सकता है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article