स्पोर्ट्स

हॉकी इंडिया ने जारी किया ओडिशा संघ को कारण बताओ नोटिस, क्या है वजह?

हॉकी इंडिया ने ओडिशा हॉकी संघ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जानिए क्या है इसकी वजह क्यों लटक रही है स्थायी सदस्यता के ऊपर तलवार?

Image

हॉकी इंडिया बनाम ओडिशा हॉकी संघ

भुवनेश्वर: हॉकी इंडिया ने ओडिशा हॉकी संघ (एचएओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और राष्ट्रीय महासंघ के उपनियमों के कथित उल्लंघन के चलते उसकी स्थायी सदस्य की मान्यता को सहयोगी सदस्य में बदलने का प्रस्ताव रखा है। यह निर्णय छह अक्टूबर को हॉकी इंडिया की कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया। इससे पहले निर्वाचन अधिकारी की प्रतिकूल रिपोर्ट के कारण एचएओ के तीन अक्टूबर को होने वाले चुनाव रोक दिए गए थे।

हॉकी इंडिया ने बताए हैं चिंता के 8 आधार

हॉकी इंडिया ने चिंता के आठ आधार बताए हैं जिनमें एचएओ की 30 जिला इकाइयों के कामकाज में गंभीर कमियां भी शामिल हैं। महासंघ के अनुसार सभी 30 जिला संघों में अध्यक्ष और सचिव जैसे प्रमुख पद निर्वाचित प्रतिनिधियों के बजाय पदेन प्रशासनिक अधिकारियों के पास हैं। इनमें जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी जैसे अधिकारी शामिल हैं।

मतदाता सूची को भी नहीं दिया जा सका है अंतिम रूप

महासंघ ने कहा कि जरूरी दस्तावेजों के अभाव में एचएओ के चुनाव के लिए मतदाता सूची को भी अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। एचएओ को चुनाव कराए जाने के प्रमाण और जरूरी वैधानिक मंजूरियों सहित व्यापक दस्तावेज जमा करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं करने पर हॉकी इंडिया की संबद्धता समिति और उसके बाद महासभा के माध्यम से एचएओ की सदस्यता श्रेणी बदलने के लिए औपचारिक कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

प्रताप सत्पथी ने किया कार्रवाई का स्वागत

इस बीच हॉकी ओडिशा के महासचिव प्रताप सत्पथी ने हॉकी इंडिया की कार्रवाई का स्वागत किया और राज्य में हॉकी के पारदर्शी प्रशासन को सुनिश्चित करने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article