क्रिकेट

विराट कोहली ने संन्यास का ऐलान करने वाले अजिंक्य रहाणे को बताया 'टेस्ट का बेस्ट' बैटिंग पार्टनर, सचिन ने किया शुरुआती दिनों का याद

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अजिंक्य रहाणे की तारीफ करते हुए उन्हें अपना 'पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार' बताया है। जानिए विराट ने रहाणे के संन्यास पर और क्या कहा?

Image

विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे (फोटो क्रेडिट AI Generated And Virat Kohli X)

मुंबई: स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अजिंक्य रहाणे की तारीफ करते हुए उन्हें अपना 'पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार' बताया जबकि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उनके करियर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कभी ’महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं किया।’ भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेले के तीन साल बाद 38 वर्षीय रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 2011 से 2023 के बीच भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।

कोहली ने बताया टेस्ट का बेस्ट पार्टनर

कोहली और रहाणे ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी करते हुए 10 शतकीय और 19 अर्धशतकीय साझेदारियां कीं। उनकी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 365 रन की रही जिसमें कोहली ने 211 और रहाणे ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 188 रन की पारी खेली। कोहली ने ’एक्स’ पर लिखा,'जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई। आपने भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार योगदान दिया है और अपनी यात्रा पर गर्व कर सकते हैं। स्लिप में सबसे सुरक्षित खिलाड़ियों में से एक और मेरे पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार। आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।' रहाणे ने टेस्ट में 102, वनडे में 48 और टी20आई में 6 कैच लपके।

सचिन तेंदुलकर ने किया शुरुआती दौर को याद

सचिन तेंदुलकर ने उस समय को याद किया जब उन्होंने मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में पहली बार इस प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज के साथ बल्लेबाजी की थी। तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा,'शानदार करियर के लिए बधाई। जब हमने पहली बार मुंबई के लिए साथ बल्लेबाजी की तब मैंने ऐसे खिलाड़ी को देखा जो कभी महत्वपूर्ण पलों का पीछा नहीं करता था। वे पल खुद आपके पास आए क्योंकि आप टीम के लिए कड़ी मेहनत करने को तैयार रहते थे। यही गुण ऑस्ट्रेलिया में आपकी सबसे यादगार उपलब्धि की पहचान बना। आपने दिखाया कि धैर्य आक्रामकता का विपरीत नहीं है, बल्कि अक्सर वही किसी टीम को निडर होकर खेलने का आत्मविश्वास देता है। शानदार करियर के लिए बधाई। आपको और आपके परिवार को भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article